लुधियाना में स्कूल के वाइस प्रिंसिपल के घर चोरी:बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना,खिड़की तोड़कर उड़ाए सोने, चांदी और डायमंड के गहने
- Neha Gupta
- Jun 16, 2026
लुधियाना के पॉश इलाके सराभा नगर थाना इलाके के अंतर्गत आते राजगुरु नगर में एक चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने, चांदी और बेसकीमती डायमंड के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार लुधियाना के प्रसिद्ध DCM YES स्कूल में वाइस प्रिंसिपल के पद पर तैनात है और वारदात के समय अपने होम टाउन आगरा गया हुआ था। स्कूल की छुट्टियों में गए थे होम टाउन आगरा, पीछे से हो गया कांड पुलिस को दी गई शिकायत में राजगुरु नगर के रहने वाले शरद अग्रवाल ने बताया कि 6 जून को स्कूल में गर्मियों की छुट्टियाँ होने के कारण वह अपने पूरे परिवार के साथ अपने होम टाउन आगरा (उत्तर प्रदेश) गए हुए थे। जाने से पहले उन्होंने अपने पूरे मकान को अच्छी तरह से लॉक किया था। वापस लौटे तो उड़ गए होश: खिड़की और अलमारी के ताले टूटे मिले शरद अग्रवाल ने बताया कि जब वह 14 जून को आगरा से सपरिवार लुधियाना अपने घर वापस लौटे, तो मेन गेट खोलकर अंदर जाते ही उन्होंने देखा घर की खिड़की टूटी हुई थी। जब उन्होंने कमरों के अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात चोरों ने घर के अंदर दाखिल होकर बेडरूम में रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया था और उसमें रखे सोने, चांदी और डायमंड (हीरे) के कीमती जेवरात चोरी करके फरार हो चुके थे। मामले की बारीकी से जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही सराभा नगर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।l पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 305 और 331(3) के अधीन केस दर्ज किया है। इस पूरे मामले की तफ्तीश ASI उमेश कुमार को सौंपी गई है। आसपास के इलाकों और राजगुरु नगर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही सलाखों के पीछे धकेल दिया जाएगा।

