भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नगर निगम आयुक्त डॉ. नीरू कत्याल गुप्ता ने विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण जारी रखे और कहा कि शहर को साफ रखने के लिए जनसहयोग व जनभागीदारी जरूरी है। स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस के नेतृत्व में ''मिशन क्लीन पंजाब'' के तहत गुरुवार को लगातार चौथे दिन निरीक्षण के दौरान डॉ. गुप्ता ने बताया कि कई स्थानों पर लोग घरों का कचरा खुले में फेंक रहे हैं, जिससे सड़कों के किनारे और खाली जगहों पर गंदगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि निवासी कचरा उठाने वाले कर्मियों को कचरा सौंपें या नगर निगम के निर्धारित स्टैटिक कॉम्पैक्टर स्थलों पर डालें। गुरुवार को फोकल प्वाइंट, माता रानी चौक, चौड़ा बाजार, जीवन नगर और पवेलियन मॉल के पास सहित अन्य क्षेत्रों में निरीक्षण किया गया। इस दौरान जोनल आयुक्त नीरज जैन और सीएसओ अश्वनी सहोता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। आयुक्त ने स्वास्थ्य शाखा को सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, स्टैटिक कॉम्पैक्टरों के सुचारु संचालन और नियमित कचरा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी और जोनल आयुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में रोजाना निगरानी के आदेश दिए गए हैं।

