कारोबारी पर फायरिंग कर फिरौती मांगने की साजिश नाकाम, गैंग के 4 गुर्गे गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच पुलिस ने विदेश में बैठे गैंगस्टर द्वारा चलाए जा रहे नमित गैंग के एक बेहद खतरनाक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गैंग के 4 सक्रिय शूटरों और गुर्गों को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वे शहर के एक नामी कारोबारी पर फायरिंग कर मोटी रंगदारी वसूलने की फिराक में थे। आरोपियों के पास से एक .32 बोर का पिस्तौल, 3 जिंदा कारतूस, 300 ग्राम हेरोइन और वारदात में इस्तेमाल होने वाली एक सफेद स्विफ्ट कार बरामद की गई है। क्राइम ब्रांच के इंचार्ज इंस्पेक्टर नवदीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने पूछताछ में शहर में की गई कई बड़ी वारदातों को कबूल किया है। उन्होंने बताया कि इन चारों आरोपियों ने कुछ समय पहले दुगरी इलाके में दो नामी ज्वैलर्स (सुनारों) से मोटी फिरौती की मांग की थी। ज्वैलर्स के अलावा कुछ महीने पहले इस गैंग ने शहर के एक होटल मालिक को भी जान से मारने की धमकी देकर फिरौती मांगी थी। करीब दो महीने पहले इस गैंग ने शृंगार सिनेमा रोड पर स्थित एक बड़े कारोबारी को फिरौती के लिए धमकाया था। जब व्यापारी ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो दहशत फैलाने के इरादे से इन आरोपियों ने उस पर अंधाधुंध गोलियां चला दी थीं। विदेश से गैंग को ऑपरेट कर रहा है नमित शर्मा इंस्पेक्टर नवदीप सिंह ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड नमित शर्मा है, जो इस समय विदेश में बैठकर इस गैंग को ऑपरेट कर रहा है। नमित वहां से अपने गुर्गों अभिजीत उर्फ मंड, मानिया साहनी, अंकुश यादव और सुखमन सिंह को टारगेट देता है। ये गुर्गे बॉर्डर एरिया (अमृतसर) से अवैध हथियार और नशा लाकर पंजाब में सप्लाई करते हैं और कारोबारियों को डराकर करोड़ों की फिरौती वसूलते हैं। पकड़े गए आरोपियों अभिजीत सिंह उर्फ मंड 26 वर्ष से .32 बोर की पिस्तौल और 3 कारतूस बरामद हुए हैं। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास (307) व आर्म्स एक्ट सहित 5 मामले दर्ज हैं। मानिया साहनी 20 वर्ष से 300 ग्राम हेरोइन, स्विफ्ट कार बरामद हुई। वह पहले भी आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। अंकुश यादव 25 वर्ष पर हत्या के प्रयास (307) और मारपीट सहित 4 केस दर्ज। सुखमन सिंह उर्फ मिट्ठू 20 वर्ष गैंग का सक्रिय सदस्य है जो रेकी और फायरिंग में शामिल रहा।