राहों रोड पर जनता बेहाल: सीवरेज के पानी के बीच रेंग रहा ट्रैफिक; दावे हवा, फिसल रहे दोपहिया वाहन चालक
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
लुधियाना | शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल राहों रोड इन दिनों बदहाल हालत का शिकार बना हुआ है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में सीवरेज का गंदा और बदबूदार पानी जमा है, जिससे लोगों का गुजरना मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि सड़क और तालाब में फर्क करना भी कठिन हो गया है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि बड़े ट्रक, कारें, ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन चालक जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजर रहे हैं। कई जगह सड़क टूटकर उखड़ चुकी है और गड्ढों में भरे पानी के कारण वाहन चालकों को गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। राहों रोड शहर को कई इलाकों से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत तथा सीवरेज समस्या का तुरंत समाधान करने की मांग की है।

