वायरल वीडियो के बाद भड़के एनिमल लवर्स:विधायक कुलवंत सिद्धू के घर का किया घेराव, लगाए मुर्दाबाद के नारे

लुधियाना में बेजुबान जानवरों के हक में आवाज़ बुलंद करते हुए एनिमल लवर्स ने विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू के खिलाफ सीधा मोर्चा खोल दिया है। एक वायरल वीडियो के बाद उपजे विवाद ने अब बड़ा रूप ले लिया है। पशु प्रेमियों ने कोचर मार्केट में एकत्रित होकर विधायक के घर तक रोष मार्च निकाला और उनके आवास का घेराव करते हुए जमकर 'मुर्दाबाद' के नारे लगाए। हाल ही में एक बयान और वीडियो चर्चा में आया था, जिसमें कथित तौर पर विधायक द्वारा स्थानीय लोगों को कम्युनिटी डॉग्स (आवारा कुत्तों) को खाना खिलाने से हतोत्साहित किया गया था। इसके साथ ही, कुत्तों को उनके मूल इलाके से अवैध रूप से उठाकर दूसरी जगह स्थानांतरित (Relocation) करने के आरोप भी लगे हैं। इस घटनाक्रम ने शहर के पशु कल्याण कार्यकर्ताओं और संवेदनशील नागरिकों में भारी रोष पैदा कर दिया है। कानून का सीधा उल्लंघन बता रही संस्थाएं इस प्रदर्शन का आयोजन एनिमल लवर्स हेल्प फॉर एनिमल्स और पीपल फॉर एनिमल्स जैसी प्रमुख संस्थाओं द्वारा किया गया। एनिमल वेलफेयर एक्टिविस्ट्स का स्पष्ट कहना है कि बेजुबान जानवरों को उनके इलाके से जबरन उठाना और उन्हें खाना देने से रोकना 'पशु क्रूरता निवारण कानून' (Animal Welfare Laws) और कम्युनिटी एनिमल्स के अधिकारों का सीधा उल्लंघन है। माफी मांगने पर अड़े प्रदर्शनकारी विधायक के घर के बाहर शांतिपूर्ण लेकिन कड़ा विरोध जता रहे लोगों ने यह साफ कर दिया है कि जानवरों के खिलाफ इस तरह के एक्शन बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि विधायक अपने इस कदम पर रोक लगाएं और बेजुबानों के खिलाफ दिए गए बयान व कृत्यों के लिए तुरंत सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। प्रशासन और अधिकारियों तक अपनी बात मजबूती से पहुंचाने के लिए पशु प्रेमियों ने एकजुट होकर यह संदेश दिया है कि कम्युनिटी डॉग्स के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।