भास्कर न्यूज | लुधियाना शहीदों के सिरताज श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस को समर्पित एक विशाल नगर कीर्तन सोमवार को लुधियाना में धार्मिक श्रद्धा और गुरमत मर्यादा के साथ निकाला गया। सच्चखंड श्री हजूर साहिब जत्था कमेटी और गुरुद्वारा खालसा स्त्री दल शहीदां द्वारा आयोजित यह नगर कीर्तन श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पंज प्यारों की अगुवाई में दोमोरीया पुल (सिविल लाइंस) स्थित गुरुद्वारा साहिब से अरदास के बाद शुरू हुआ। मुख्य सेवादार सरदार कुलदीप सिंह दीपा ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में लुधियाना और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में संगतों ने हाजिरी भरी। पूरी संगत वाहेगुरु का सिमरन, जयकारे, मार्ग की सफाई और फूलों की वर्षा करते हुए आगे बढ़ रही थी। नगर कीर्तन गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होकर कुंदनपुरी स्कूल, लीसा मार्केट, न्यू कुंदनपुरी, कृष्णा चौक, वृंदावन रोड, क्लास सिनेमा चौक और रामनगर से होता हुआ देर शाम वापस दोमोरीया पुल के पास संपन्न हुआ। इस दौरान रायकोट के जहाज वाले जत्थे ने मार्ग में फूलों की वर्षा की। सुधार के करतार सिंह गतका अखाड़ा के सिंहों ने पारंपरिक सिख युद्ध कला (गतका) के वीर रस से सराबोर जौहर दिखाए और बद्दोवाल के दोआबा पाइप बैंड ने मधुर धुनें प्रस्तुत कीं। संगत द्वारा पूरे मार्ग को धार्मिक झंडियों व स्वागत द्वारों से सजाया गया था। जगह-जगह शीतल जल, छबील और गुरु के अटूट लंगर के स्टॉल लगाए गए थे। आयोजन को सफल बनाने में कुलदीप सिंह दीपा, दविंदर सिंह, बीबी गुरमीत कौर, दलजीत कौर सहित समूह कमेटी सदस्यों व सेवादारों ने अग्रिम भूमिका निभाई। अंत में जत्थों को सिरोपाओ भेंट कर सम्मानित किया गया। कमेटी के अनुसार, श्री हजूर साहिब, पटना साहिब व पोथड़ी साहिब (असम) यात्रा के इच्छुक श्रद्धालु 30 नवंबर तक संपर्क कर सकते हैं।

