अग्रवाल परिवार मिलन संघ के प्रदेश प्रधान सुनील जैन मित्तल जिला प्रधान बने
- Neha Gupta
- Jun 10, 2026
लुधियाना | भारत-भारती ने लुधियाना में अपनी नई टीम की घोषणा की है। अग्रवाल परिवार मिलन संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जैन मित्तल को संस्था का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है जबकि समाज सेविका रीटा गोयल को महिला विंग की प्रेसिडेंट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अग्रवाल परिवार मिलन संघ के प्रेस सचिव प्रवीण बांसल ने बताया कि संस्था की मजबूती के लिए लुधियाना मुख्यालय में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। इसमें उत्तराखंड देहरादून से पहुंचे भारत-भारती के 6 राज्यों के प्रभारी रोशन लाल अग्रवाल, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी रहे योगेश अग्रवाल और जितेंद्र कुमार का अग्रवाल समाज की ओर से सिरोपा पहनाकर स्वागत किया गया। बैठक में रवि गुप्ता, जय पाल गर्ग, दीपक बंसल, विनय मित्तल, सौरव मित्तल और वनीता बंसल विशेष रूप से मौजूद रहे। इस मौके पर रोशन लाल अग्रवाल ने महाराष्ट्र के पुणे में 26 से 28 जून तक होने वाले आगामी राष्ट्रीय अधिवेशन की जानकारी साझा की और इन संगठनात्मक नियुक्तियों का ऐलान किया। नवनियुक्त महिला प्रधान रीटा गोयल ने कहा कि इस राष्ट्रीय अधिवेशन में लुधियाना से एक विशेष प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेगा। जिलाध्यक्ष सुनील जैन मित्तल ने कहा कि पुणे अधिवेशन के बाद शहर में लघु भारत नाम से एक बड़ा सांस्कृतिक समागम करवाया जाएगा।

