डमरू की थाप, वेद मंत्रों से हुआ 16वां महारुद्राभिषेक

भास्कर न्यूज | लुधियाना पुरषोत्तम मास की सोमवती अमावस्या के अवसर पर श्मशान घाट गौशाला स्थित प्राचीन शिव मंदिर (गौ घाट) में 16वें महारुद्राभिषेक पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। रामेश्वर लिंग जी महाराज के सानिध्य में आयोजित इस अनुष्ठान के दौरान सुबह से ही महादेव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। विद्वान आचार्यों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन का शुभारंभ हुआ। सर्वप्रथम भगवान भोलेनाथ का दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से बने पंचामृत से विधि-विधान से स्नान कराया गया। इसके बाद कतारबद्ध श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर कच्ची लस्सी और गन्ने का पवित्र रस अर्पित किया। तत्पश्चात, शीतल जल की धारा से महादेव का रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। जलाभिषेक के बाद बाबा को सुंदर वस्त्र धारण कराए गए और शिवलिंग पर चंदन का लेप लगाया गया। इसके बाद बाबा का भव्य श्रृंगार कर उन्हें ताजे पुष्प, मालाएं और बेलपत्र अर्पित किए गए। अनुष्ठान के अगले चरण में श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक रूप से महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया गया। डमरूओं की थाप और सामूहिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष महाआरती की गई, जिसके बाद भक्तों में प्रसाद वितरित हुआ। इस धार्मिक समागम में सुनील कुमार मैनी, सुरिंदर पाल शिंदा, जतिंदर भल्ला, रिंकू नाथ, अजय कुमार, रूपेश अरोड़ा, कपिल गर्ग, बलजीत सिंह लाड़ी, पिंकी शर्मा, विनय जैन, मिंटू सचदेवा, अमित मल्होत्रा सहित भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया।