निगम ने जोन बी में 2 अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया

भास्कर न्यूज़ | लुधियाना अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रखते हुए लुधियाना नगर निगम (एमसी) की भवन शाखा ने नगर निगम जोन बी में दो निर्माणाधीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त डॉ. नीरू कत्याल गुप्ता के निर्देशों पर की गई। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार ये कॉलोनियां सुखदेव नगर और ओंकार विहार के पीछे त्रिकोणा पार्क के पास विकसित की जा रही थीं। सहायक नगर योजनाकार (एटीपी- जोन बी) निर्वाण ने बताया कि पहले जारी की गई चेतावनियों के बावजूद कॉलोनी मालिकों ने अवैध निर्माण कार्य जारी रखा, जिसके बाद निगम ने यह कार्रवाई की। एटीपी निर्वाण ने कहा कि लोग निवेश से पहले संबंधित कॉलोनी के बारे में जानकारी अवश्य लें और ठगी या भ्रम में न आएं। उन्होंने बताया कि नागरिक निगम के जोनल कार्यालयों में जाकर कॉलोनी की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। नगर निगम अधिकारियों ने दोहराया कि भवन निर्माण कार्य शुरू करने से पहले भवन मानचित्रों की स्वीकृति लेना अनिवार्य है, अन्यथा अवैध निर्माण पर कार्रवाई की जाएगी।