गदरी शहीद बाबा भान सिंह नौजवान सभा का तीसरा वार्षिक कैंप संपन्न हुआ
- Neha Gupta
- Jun 16, 2026
भास्कर न्यूज | लुधियाना भाई रणधीर सिंह नगर स्थित बाबा भान सिंह यादगार सुनेत में गदरीय शहीद बाबा भान सिंह नौजवान सभा की ओर से आयोजित किया गया 8 दिवसीय तीसरा बाल रचनात्मक कैंप सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह कैंप शहीद बाबा भान सिंह गदर मेमोरियल ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय लेफ्टिनेंट कर्नल जगदीश सिंह बराड़ को समर्पित था, जो 7 से 14 जून तक चला। कैंप के आखिरी दिन बच्चों ने मंच पर सैकड़ों दर्शकों और अभिभावकों के सामने अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स (चित्रकारी) और मिट्टी के खिलौनों की प्रदर्शनी भी मुख्य आकर्षण रही। सभा के अध्यक्ष एडवोकेट हरप्रीत जीरख और महासचिव राकेश आज़ाद ने बताया कि लगातार तीसरे साल लगाए गए इस कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना था। कैंप के दौरान बच्चों को नाटक, कोरियोग्राफी, कविता/गीत गायन, मिट्टी के खिलौने बनाने, गतका, गिद्धा और भांगड़ा की ट्रेनिंग दी गई। इसके साथ ही उनमें वैज्ञानिक चेतना, स्वास्थ्य देखभाल और सामाजिक मूल्यों के प्रति जागरूकता पैदा की गई। बच्चों को ट्रेनिंग देने वाले नाटककार तरलोचन सिंह और मैडम कमलदीप कौर को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रो. जगमोहन सिंह और महासचिव जसवंत जीरख ने नौजवान सभा के इस प्रयास की जमकर सराहना की। मंच संचालन सहायक सचिव मीनू शर्मा ने किया। समारोह में कस्तूरी लाल , बलविंदर लालबाग, डॉ. हरबंस ग्रेवाल और जसवीर कौर उपस्थित थे।अंत में कैंप में भाग लेने वाले सभी बच्चों को सर्टिफिकेट और ज्ञानवर्धक किताबें देकर सम्मानित किया गया। वार्षिक कैंप बच्चों को सम्मानित करते हुए।

