विकास कार्यों में देरी नहीं चलेगी समय पर काम पूरा करने के निर्देश

भास्कर न्यूज | लुधियाना शहर में चल रहे विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने और सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए मंगलवार को मंत्री हरदीप मुंडिया और निगम कमिश्नर डॉ नीरू कत्याल गुप्ता ने नगर निगम अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए और सभी प्रोजेक्ट तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। बैठक में सड़कों के पुनर्निर्माण, पानी और सीवरेज लाइनों के विस्तार, नए ट्यूबवेल लगाने तथा पार्कों के विकास जैसे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों से कहा गया कि जिन परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है, उन्हें जल्द शुरू किया जाए और जो काम चल रहे हैं, उन्हें निर्धारित समय में पूरा किया जाए। साथ ही सफाई व्यवस्था को लेकर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को रोजाना फील्ड में जाकर कामों की निगरानी करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। यह भी स्पष्ट किया गया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक में कहा गया कि शहर के समग्र और सतत विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। आने वाले समय में विकास कार्यों की प्रगति जांचने के लिए औचक निरीक्षण भी किए जाएंगे, ताकि लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।