लुधियाना| थाना जोधेवाल क्षेत्र के बहादुरके रोड स्थित हरप्रीत नगर में चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान को निशाना बनाते हुए वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित मदन लाल पुत्र मंगल सिंह निवासी गली नंबर 2, मोहल्ला प्रताप नगर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी एमएस इलेक्ट्रॉनिक नाम से दुकान है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात अज्ञात व्यक्ति दुकान की दीवार तोड़कर अंदर घुस गए। आरोपी दुकान के गल्ले में रखे करीब 80 हजार रुपए नकद तथा तीन मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए। घटना का पता सुबह दुकान खोलने पर चला, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची थाना जोधेवाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी। मामले की जांच कर रहे एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

