रिवॉल्वर दिखाकर धमकाया, चार नामजद आरोपियों पर केस

लुधियाना| थाना मोती नगर के अंतर्गत बाबा गज्जा जैन कॉलोनी में पैसों के लेनदेन को लेकर दफ्तर के अंदर घुसकर मारपीट करने, मोबाइल छीनने और हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकियां देने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने वारदात के समय दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए ताकि कोई सबूत न रहे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 4 मुख्य आरोपियों को नामजद कर उनके 2 अज्ञात साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दिए बयानों में भामियां रोड स्थित विचित्र आसल एन्क्लेव के रहने वाले रोहित ग्रोवर ने बताया कि वह बाबा गज्जा जैन कॉलोनी स्थित गौतम ट्रेडिंग कंपनी के दफ्तर में काम करते हैं। बीती 12 जून को वह अपने दफ्तर में रोजाना की तरह काम कर रहे थे। इसी दौरान पैसों के लेनदेन के विवाद को लेकर आरोपी जबरन दफ्तर के अंदर दाखिल हो गए। अंदर आते ही आरोपियों ने रोहित ग्रोवर के साथ गाली-गलौज करते हुए उनकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। पीड़ित रोहित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनका कीमती मोबाइल फोन जबरदस्ती छीन लिया। वारदात को छुपाने के लिए आरोपियों ने दफ्तर के अंदर लगा सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित पर रिवॉल्वर तान दी और जान से मारने की गंभीर धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता रोहित ग्रोवर के बयान पर मोती नगर पुलिस ने आरोपी अनमोल नारंग, गगन मक्कड़ ,बोबी अन्य आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। जालंधर और लुधियाना के रहने वाले नामजद आरोपियों और उनके अज्ञात साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।