तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, तीन दोस्तों को आई चोटें, आरोपी पर मामला दर्ज किया

लुधियाना| थाना सदर पुलिस ने कार की टक्कर से तीन लोगों को घायल करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़ित सुखविंदर सिंह पुत्र केसर सिंह निवासी गांव खानपुर, लुधियाना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 मई को वह अपने दोस्त गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी तथा गुरप्रीत सिंह चाहल के साथ कार में गांव खानपुर स्थित अमरूद वाले बाग की तरफ से अपने घर लौट रहे थे। जब वे धूरी रेलवे लाइन पुल के पास पहुंचे तो आरोपी धनंजय सिन्हा पुत्र सुलिंदर सिन्हा निवासी गली नंबर 4, वार्ड नंबर 73 ने अपनी कार नंबर PB10-JD-0082 से उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और गुरप्रीत सिंह चाहल का इलाज चल रहा है, जबकि शिकायतकर्ता सुखविंदर सिंह को भी चोटें आई हैं और उसका उपचार जारी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी गुरप्रीत सिंह मामले की जांच कर रहे हैं।