भास्कर न्यूज |लुधियाना बेखौफ बदमाशों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। तड़के सब्जी लेने जा रहे दो भाइयों को रास्ते में घेरकर उन पर तेजधार हथियारों से हमला करने और नकदी समेत व्हीकल लूटने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित को लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह ग्यासपुरा सूआ रोड पर स्थित प्रीतम कॉलोनी का रहने वाला है। रोज़ाना की तरह वह और उसका भाई सुबह करीब 3:55 बजे घर से सब्जी मंडी के लिए निकले थे। जब वे समराला चौक ब्रिज के ऊपर पहुंचे, तो बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। पीड़ित ने बताया कि जैसे ही वे बस्ती जोधेवाल चौक ब्रिज के ऊपर पहुंचे, तो पीछे से आ रहे बाइक सवार बदमाशों ने उनकी एक्टिवा को ओवरटेक करके अपनी बाइक उनके आगे अड़ा दी। इससे पहले कि दोनों भाई कुछ समझ पाते, बदमाशों ने अपने पास छिपे तेजधार हथियार निकाल लिए और उन पर ताबड़तोड़ 5 से 7 वार कर दिए। इसके बाद 20 हजार नकदी, 2 फोन और एक्टिवा लूट कर फरार हो गए।

