लूटपाट और स्नैचिंग गिरोह के 2 सदस्य काबू, बिना नंबर की बाइक और 2 मोबाइल बरामद
- DSS Admin
- Jun 16, 2026
लुधियाना| थाना दरेसी की पुलिस ने लूटपाट और स्नैचिंग करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए सब-इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह ने बताया कि 14 जून को वह अपनी पुलिस पार्टी के साथ कानून-व्यवस्था और संदिग्धों की चेकिंग के संबंध में इलाके में गश्त पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें एक खास मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि दो शातिर झपटमार बिना नंबरी स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर सुंदर नगर गंदे नाले की पुली के पास से गुजरने वाले हैं और वे लूटे हुए मोबाइल फोन बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए सुंदर नगर गंदे नाले की पुली पर नाकाबंदी कर दी। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचे, पुलिस ने घेराबंदी करके दोनों को रंगे हाथ काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से लूटे हुए 2 मोबाइल फोन और बिना नंबर की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई। दरेसी थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर आरोपी साहिल चावला, मोहम्मद गुलाब अंसारी उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

