लुधियाना| पुलिस ने विभिन्न इलाकों में गश्त के दौरान सार्वजनिक व सुनसान जगहों पर बैठकर नशा कर रहे दो युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशा करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सिल्वर पन्नी, नोट और लाइटर बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग थानों में मामले दर्ज किए गए हैं। {मामला 1:थाना डिवीजन के हवलदार बलराज सिंह ने बताया कि 14 जून 2026 को वह अपनी पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि पिंक प्लाजा मार्केट की बैकसाइड पार्किंग में एक युवक बैठकर नशा कर रहा है। पुलिस ने तुरंत मौके पर दबिश देकर आरोपी सनी शर्मा को रंगे हाथ काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से नशा करने में इस्तेमाल किया जा रहा 20 का नोट, सिल्वर पन्नी और एक लाइटर बरामद हुआ। {मामला 2: दूसरा मामला थाना सदर के अंतर्गत सामने आया है। सब-इन्स्पेक्टर सूरज कुमार ने बताया कि 14 जून 2026 को वह पुलिस पार्टी समेत चेकिंग के सिलसिले में रवाना थे। जब पुलिस टीम ललतो कलां चौक से गांव ठक्करवाल को जाने वाली सड़क पर पहुंची, तो वहां एक सुनसान (बे-आबाद) जगह पर एक युवक बैठकर नशे का सेवन कर रहा था। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी शुभम कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 10 का नोट, सिल्वर पन्नी और लाइटर बरामद किया गया।

