तिलक लगा यात्रियों का स्वागत, सेल्फी बूथ बना आकर्षण का केंद्र

भास्कर न्यूज | लुधियाना हलवारा हवाई अड्डे में सोमवार को यात्री सुविधा दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने, उनके यात्रा अनुभव को और अधिक सुखद बनाने तथा हवाई अड्डे के विभिन्न हितधारकों के योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से अनेक गतिविधियों का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के अंतर्गत आगमन और प्रस्थान करने वाले यात्रियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। साथ ही, हवाई अड्डे के सभी हितधारक की तरफ से सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया। हवाई अड्डे की स्वच्छता एवं रखरखाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हाउसकीपिंग कर्मचारियों को सम्मानित भी किया और विमानन क्षेत्र में कार्यरत महिला कर्मियों के योगदान को भी विशेष रूप से केक काट कर सराहा गया। यात्रियों एवं आगंतुकों की सहभागिता बढ़ाने के लिए सेल्फी बूथ को स्थापित किया गया और यात्रियों ने बूथ पर सेल्फी ली। इसके अतिरिक्त, यात्रियों से उनकी प्रतिक्रिया और सुझाव प्राप्त करने के लिए विशेष फीडबैक संग्रह अभियान भी चलाया गया। इस अवसर पर हलवारा हवाई अड्डे के निदेशक जगीर सिंह ने कहा कि हवाई अड्डे के सभी हितधारकों, सुरक्षा कर्मियों, यात्रियों तथा अन्य उपयोगकर्ताओं को इस कार्यक्रम में भाग लिया। एयरपोर्ट डायरेक्टर ने कहा कि यात्रियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी अपेक्षाओं एवं सुझावों को समझने का प्रयास किया गया,ताकि हवाई अड्डे पर उपलब्ध सुविधाओं एवं सेवाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित कर सके। यात्री सुविधा दिवस का आयोजन यात्री संतुष्टि, हितधारक सहभागिता तथा उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने के प्रति हलवारा हवाई अड्डे की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।