कोरियन स्किन की चाह में लाखों खर्च कर रहीं युवतियां, फिर भी नहीं मिल रहा मनचाहा ग्लो
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
सोशल मीडिया पर दिखने वाली चमकदार और बेदाग कोरियन ग्लास स्किन पाने की चाह अब युवतियों के बीच जुनून का रूप लेती जा रही है। शहर में कई ब्यूटी क्लीनिक, स्किन स्टूडियो और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स ऐसे दावे कर रहे हैं कि कुछ सिटिंग्स या महंगे ट्रीटमेंट्स से कोरियन जैसी त्वचा पाई जा सकती है। इसके चलते कई युवतियां हजारों से लेकर लाखों रुपये तक खर्च कर रही हैं, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने पर निराशा और त्वचा संबंधी समस्याओं का सामना कर रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार सोशल मीडिया फिल्टर, एडिटेड तस्वीरें और अधूरी जानकारी इस ट्रेंड को बढ़ावा दे रही हैं। त्वचा को समझना और उसकी जरूरतों के अनुसार देखभाल करना अधिक जरूरी है, न कि किसी ट्रेंड को देखकर उसे अपनाना। खानपान पर दें ध्यान कोरियन-ड्रामा और के-पॉप के प्रभाव से युवतियां कलाकारों जैसी कोरियन ग्लास स्किन पाने के लिए सोशल मीडिया ट्रेंड्स और ट्रीटमेंट्स की ओर आकर्षित हो रही हैं। त्वचा की गुणवत्ता केवल एक ट्रीटमेंट से नहीं, बल्कि जेनेटिक्स, लाइफस्टाइल, खानपान से तय होती है। बिना समझे रूटीन शुरू करने से हर महीने बड़ी संख्या में मरीज त्वचा समस्याओं के साथ क्लीनिक पहुंच रहे हैं। डॉ. विकास गुप्ता, प्लास्टिक सर्जन केस 1 : महंगे ट्रीटमेंट के बाद बढ़ी संवेदनशीलता: सोशल मीडिया से प्रभावित 24 वर्षीय युवती ने सीरम न ट्रीटमेंट्स पर हजारों खर्च किए। लगातार एक्टिव इंग्रीडिएंट्स के इस्तेमाल से स्किन बैरियर कमजोर हो गया, जिससे चेहरे पर लालपन और जलन बढ़ गई। केस 2 : ऑनलाइन सलाह से बदले प्रोडक्ट्स, बढ़े मुंहासे : कॉलेज छात्रा ऑनलाइन सलाह पर नए प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने लगी। कुछ समय बाद चेहरे पर मुंहासे और दाग बढ़ गए। केस 3 : ग्लो की चाह में करवाए कई प्रोसीजर, नहीं मिला फायदा: 28 साल की युवती ने विभिन्न क्लीनिकों में कई कॉस्मेटिक प्रक्रियाएं करवाईं। लाखों खर्च होने के बावजूद त्वचा की गुणवत्ता में बड़ा बदलाव नहीं आया।

