मानसा डीसी दफ्तर पर किसानों-मजदूरों का प्रदर्शन:बिजली एक्ट, बीज बिल, मनरेगा में बदलाव का विरोध, बोले- एक बार फिर होगा बड़ा संघर्ष
- Admin Admin
- Jan 16, 2026
मानसा में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर विभिन्न किसान और मजदूर संगठनों ने डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में किसान, मजदूर और विभिन्न विभागों में कार्यरत कच्चे कर्मचारी शामिल हुए। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर बड़ी संख्या में किसान और मजदूर संगठनों ने केंद्र और पंजाब सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। किसान एवं मजदूर नेता राम सिंह, महिंदर सिंह, रुलदू सिंह मानसा, मक्खन सिंह और लखवीर सिंह ने बताया कि यह प्रदर्शन बिजली एक्ट, बीज संशोधन बिल और मनरेगा में बदलाव को लेकर किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और पंजाब सरकार लगातार जनविरोधी नीतियां अपना रही हैं, जिससे हर वर्ग परेशान है। नेताओं ने याद दिलाया कि पहले भी कृषि कानूनों के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे, जिसके बाद सरकार को कानून रद्द करने पड़े थे। अब एक बार फिर लोग सरकार की नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर आंदोलन कर रहे हैं। आंदोलन को तेज करने की चेतावनी किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी किसान, मजदूर और विभिन्न विभागों के कच्चे कर्मचारी केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के लिए तैयार हैं और जरूरत पड़ने पर दिल्ली की ओर कूच करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपने वादे पूरे करने के बजाय हर वर्ग की आवाज को दबा रही है और विरोध करने वालों पर मामले दर्ज कर रही है।



