मानसा में विधायक पर आरोप लगा स्वास्थ्यकर्मी ने दी जान:गिरफ्तारी की मांग को लेकर बाजार बंद, सुसाइड नोट लिखकर नहर में कूदा था
- Neha Gupta
- Jun 15, 2026
मानसा जिले के बोहा कस्बे में स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर भूपिंदर कुमार ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस मामले को लेकर बोहा कस्बा बंद कर प्रदर्शन किया जा रहा है। परिवार ने बुढलाडा के विधायक और स्वास्थ्य विभाग के कुछ कर्मचारियों पर भूपिंदर को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। मृतक के परिवार का आरोप है कि भूपिंदर कुमार को विधायक ने फोन पर धमकाया था। उनका कहना है कि कुछ लोगों ने जानबूझकर विधायक से शिकायत की, जिसके बाद भूपिंदर को मानसिक दबाव का सामना करना पड़ा और उन्होंने यह कदम उठाया। सुपरवाइजर का शव मिलने के बाद से ही बोहा कस्बा बंद है। प्रदर्शनकारी विधायक और स्वास्थ्य विभाग के संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सुसाइड नोट में बेइज्जत करने और मानसिक प्रताड़ना के आरोप पुलिस को भूपिंदर कुमार का एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कुछ कर्मचारियों पर विधायक से शिकायत करने और उन्हें फोन पर धमकाने का आरोप लगाया है। सुसाइड नोट में भूपिंदर ने लगातार हो रही बेइज्जती और मानसिक प्रताड़ना को आत्महत्या का कारण बताया है। विधायक ने आरोपों से किया इनकार इस संबंध में बुढलाडा के विधायक प्रिंसिपल बुधराम का बयान भी सामने आया है। उन्होंने स्वीकार किया कि सेहत विभाग के कुछ लोग शिकायत लेकर आए थे। इसपर उन्होंने भूपिंदर से बात की थी। विधायक ने कहा कि भूपिंदर उनके अच्छे दोस्त थे और उन्होंने इस मामले को सुलझा लिया था। उन्होंने किसी को भी धमकाने से इनकार किया है।

