पंजाब-चंडीगढ़ अपडेट्स:लुधियाना में बेटे ने पूर्व फौजी का घर जलाया; जालंधर ED के सामने पेश हुए विधायक अरोड़ा
- DSS Admin
- Jun 11, 2026
लुधियाना के थाना मेहरबान क्षेत्र के गांव सीड़ा में बेटे पर अपने ही पूर्व फौजी पिता के घर में आग लगाने का आरोप लगा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 61 वर्षीय पूर्व फौजी बुध राम ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 10 जून 2026 को वह अपने घर को ताला लगाकर किसी निजी काम से कोर्ट कॉम्प्लेक्स गए हुए थे। इसी दौरान उनके बेटे लोकेश कुमार ने कथित तौर पर घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और घर में आग लगा दी। आग तेजी से पूरे घर में फैल गई, जिससे घर में रखा बेड, एलईडी, सीसीटीवी कैमरे, कीमती कपड़े, पंखे और छत पर लगी पीवीसी पूरी तरह जलकर राख हो गई। आगजनी की इस घटना में पूर्व फौजी को करीब 10 से 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। बुध राम ने बताया कि सबसे दुखद बात यह रही कि घर के मंदिर में रखी पूजा-पाठ की सामग्री और पवित्र धार्मिक ग्रंथ भी आग की भेंट चढ़ गए। उनका कहना है कि इस घटना में उनकी जीवनभर की कमाई और जरूरी सामान नष्ट हो गया। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी बेटे लोकेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर) जालंधर ED के सामने पेश हुए विधायक अरोड़ा, 9 दिन में दूसरी बार पहुंचे जालंधर ईडी (ED) में आज सेंट्रल हल्के से आप विधायक रमन अरोड़ा और फरीदकोट से कांग्रेस के पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह उर्फ किक्की ढिल्लों पेश हुए। ईडी दफ्तर जाने से पहले रमन अरोड़ा ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। 2 जून को भी ED अधिकारियों ने अरोड़ा से लगभग 9 घंटे पूछताछ की थी। रमन अरोड़ा पर आय से अधिक संपत्ति का केस है। इस मामले में उन्हें पहले पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने गिरफ्तार भी किया था। रमन अरोड़ा जालंधर सेंट्रल से विधायक हैं। उन पर दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों से वसूली करने के आरोप भी लगे हैं। पंजाब विजिलेंस की ओर से विधायक के खिलाफ दर्ज FIR को आधार बनाकर ED ने मनी लांड्रिंग को लेकर जांच शुरू की है। (पढ़ें पूरी खबर)

