पंजाबी गीत के फैन हुए फ्रांसीसी राष्ट्रपति:इमैनुएल मैक्रों ने पीएम मोदी के साथ पंजाबी गीत के साथ शेयर की रील, लोग बोले फ्रांस में भी चल रही धुरंधर
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
भारत और फ्रांस की दोस्ती का एक अनोखा और फिल्मी अंदाज सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फ्रांस के 'नीस' दौरे का एक बेहद शानदार वीडियो शेयर किया है, जिसके बैकग्राउंड में बॉलीवुड फिल्म 'धुरंधर' का सुपरहिट पंजाबी गाना 'आरी आरी' बज रहा है। इस सिनेमाई वीडियो क्लिप में दोनों वैश्विक नेताओं के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता और 'भारत इनोवेट्स 2026' सम्मेलन के उद्घाटन की खास झलकियां दिखाई गई हैं। फेसबुक सहित अन्य प्लेटफार्म पर किया शेयर राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए इस वीडियो की शुरुआत बेहद गर्मजोशी के साथ होती है, जिसमें दोनों नेता आपस में हाथ मिलाते और गले मिलते नजर आ रहे हैं। इसके बाद वीडियो में पीएम मोदी की इस यात्रा के सबसे अहम पलों को पिरोया गया है। वीडियो मुख्य रूप से टेक्नोलॉजी , इनोवेशन और भारत-फ्रांस की मजबूत होती दोस्ती पर केंद्रित है। बड़ी बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में पंजाबी संगीत का यह अनूठा इस्तेमाल सोशल मीडिया यूजर्स को बेहद पसंद आ रहा है और यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। मैक्रों का 'सिनेमाई धन्यवाद' दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस में आयोजित 'भारत इनोवेट्स 2026' और 'ग्लोबल एआई शिखर सम्मेलन' में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इस सफल दौरे के समापन पर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इस खास सिनेमाई वीडियो को शेयर कर पीएम मोदी को एक अनोखे अंदाज में "थैंक यू" कहा है। पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मैक्रों का किया धन्यवाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों द्वारा बॉलीवुड स्टाइल में शेयर किए गए वीडियो पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेहद गर्मजोशी से प्रतिक्रिया दी है। पीएम मोदी ने इस अनोखे स्वागत के लिए राष्ट्रपति मैक्रों का दिल से धन्यवाद किया। उन्होंने दोहराया कि भारत और फ्रांस आने वाले समय में न सिर्फ पारंपरिक क्षेत्रों में, बल्कि अत्याधुनिक तकनीक, इनोवेशन और उभरते हुए नए उद्योगों के क्षेत्र में भी कंधे से कंधा मिलाकर काम करते रहेंगे। सोशल मीडिया यूजर्स बोले, यहां भी चल रही धुरंधर मैक्रों ने अपने फेसबुक पेज पर ये वीडियो रविवार देर रात पोस्ट की। जिसे चंद घंटों में 1.5 मिलीयन लोग देख चुके हैं। वीडियो को एक लाख लोग पसंद कर चुके हैं और 2500 से अधिक लोग इसे शेयर कर चुके हैं। फेसबुक यूजर्स इस वीडियो पर भारत-फ्रांस के बेहतर रिश्तों को लेकर कमेंट कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि फ्रांस में भी धुरंधर चल रही है, वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि मैक्रों भाई भी धुरंधर के फैन हैं। वहीं, फ्रांसीसी यूजर भी इस मुलाकात को एतिहासिक बता रहे हैं। पीएम ने शेयर की सेल्फी, लिखा- एवियन और पेरिस में फिर होगी मुलाकात नीस शहर की खूबसूरत वादियों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक शानदार सेल्फी साझा की। इस खूबसूरत तस्वीर को पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने लिखा, नीस में मेरे मित्र राष्ट्रपति मैक्रों से मिलकर बेहद खुशी हुई। हमारे बीच हुई यह बातचीत बेहद फलदायी और सकारात्मक रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि भारत-फ्रांस की यह ऐतिहासिक साझेदारी आने वाले समय में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगी। नीस के बाद, अब एवियन और पेरिस में आपसे फिर मुलाकात होगी। नीस का विला केरीलोस बना ऐतिहासिक मुलाक़ात का गवाह दोनों वैश्विक नेताओं के बीच यह बेहद महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता नीस शहर के ऐतिहासिक विला केरीलोस में आयोजित की गई। आपको बता दें कि इस साल की शुरुआत में ही भारत और फ्रांस के आपसी संबंधों को अपग्रेड करके 'विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी' का दर्जा दिया गया है। संबंधों में आए इस ऐतिहासिक सुधार के बाद दोनों कूटनीतिक दिग्गजों के बीच यह पहली आमने-सामने की मुलाकात थी, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई थीं। इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर बनी बड़ी सहमति: इस हाई-प्रोफाइल बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच भविष्य के रोडमैप को लेकर गहन मंथन हुआ, जिसमें निम्नलिखित प्रमुख मुद्दों पर द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई गई: रक्षा और सुरक्षा सहयोग: रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और अत्याधुनिक सैन्य उपकरणों के संयुक्त विकास पर चर्चा हुई। अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी : अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में मिलकर नए अनुसंधानों को अंजाम देने पर सहमति बनी। परमाणु ऊर्जा : स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा की दिशा में आपसी सहयोग को और तेज करने पर बल दिया गया। भविष्य की तकनीक: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा और सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों में भारत-फ्रांस मिलकर ग्लोबल लीडर बनने की ओर अग्रसर हैं। यह दौरा न सिर्फ दोनों देशों के मजबूत होते व्यापारिक और कूटनीतिक रिश्तों को दर्शाता है, बल्कि दोनों नेताओं के बीच की निजी और मजबूत केमिस्ट्री को भी दुनिया के सामने पेश करता है।

