पठानकोट में पुलिस कॉन्स्टेबल लापता, नहर किनारे मिली थार:2 दिन से था गायब, मोबाइल भी बंद, SDRF-गोताखोरों की टीम तलाश में जुटी

पठानकोट में पंजाब पुलिस के कॉन्स्टेबल लापता हो गया।कॉन्स्टेबल के घर से लापता होने के 2 दिन बाद उसकी थार यूबीडीसी नहर किनारे मिली। हालांकि कांस्टेबल का कोई अता-पता नहीं लगा। संभावना जताई जा रही है कि कांस्टेबल नहर में गिरा है। लापता पुलिस कर्मी की पहचान 22 वर्षीय युवराज निवासी इंदिरा कॉलोनी के रूप में हुई है। फिल्हाल, युवक की तलाश के लिए पुलिस, एसडीआरएफ तथा गोताखोरों की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। गुरदासपुर में तैनात है युवराज युवराज के भाई नितिन ने बताया कि युवराज पंजाब पुलिस में कार्यरत है और उसकी ड्यूटी गुरदासपुर थाने में है। उन्होंने बताया कि युवराज पिछले 2 दिनों से लापता हैं तथा उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। नितिन के अनुसार युवराज की थार गाड़ी धीरा पुल के समीप नहर किनारे खड़ी मिली, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया है। परिवार को फोन पर मिली सूचना नितिन ने बताया कि 11 तारीख को घर से बिना बताए निकला युवराज वापिस नहीं लौटा। परिवार उसकी तलाश कर रहा था कि उन्हें परसों किसी व्यक्ति का फोन आया था, जिसने बताया कि युवराज की गाड़ी धीरा पुल नहर के पास खड़ी है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से युवराज को जल्द से जल्द खोजने की मांग की है। धीरा से लेकर माजरा तक व्यापक सर्च अभियान युवराज के मित्र जतिन ने बताया कि पूरे मोहल्ले के लोग युवराज की तलाश में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम द्वारा यूबीडीसी में धीरा से लेकर माजरा तक व्यापक सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन अभी तक युवराज का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। उन्होंने बताया कि युवराज का फोन पिछले दो दिनों से बंद है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। पिता की जगह 2 साल पहले मिली थी नौकरी बता दें, युवराज के पिता भी पंजाब पुलिस में थे। उनकी मौत 4 साल पहले हुई। जिसके बाद युवराज को 2 साल पहले 2024 में पिता की जगह पंजाब पुलिस में नौकरी मिल गई। युवराज की गुरदासपुर में पहली पोस्टिंग थी। पुलिस कर रही मामले की जांच डीएसपी संजीव ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं तथा युवराज की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।