पठानकोट के वार्ड 45 में दूर हुआ पेयजल संकट:कैबिनेट मंत्री कटारूचक ने डीप बोर का किया उद्घाटन, 5 लाख आएगी लागत
- Neha Gupta
- Jun 13, 2026
पठानकोट के हलका भोआ के अधीन आते वार्ड नंबर 45 के बाशिंदों की पेयजल समस्या का समाधान हो गया। पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने शनिवार को पठानकोट नगर निगम के वार्ड नंबर 45 में एक नए डीप बोर के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस डीप बोर के निर्माण पर 5 लाख रुपये की लागत आएगी। परियोजना के पूरा होने के बाद, स्थानीय निवासियों को पेयजल संकट से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। विकास से वंचित रहा ये क्षेत्र इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कटारूचक ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर दिया कि विकास के मामले में किसी भी क्षेत्र को पीछे नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम पठानकोट के अधीन आने वाला यह इलाका पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान विकास से वंचित रहा था। 50 घरों में लंबे समय से पानी की थी भारी कमी कैबिनेट मंत्री कटारूचक ने जानकारी दी कि एसकेआर अस्पताल के पास स्थित बुद्धा नगर क्षेत्र के लगभग 50 घरों में लंबे समय से पानी की भारी कमी थी। पहले से मौजूद डीप बोर इस क्षेत्र तक पर्याप्त पानी पहुंचाने में असमर्थ था, जिससे निवासियों को दैनिक कार्यों में कठिनाई होती थी, खासकर गर्मियों के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती थी। नवनियुक्त पार्षद ने बताई थी समस्या कैबिनेट मंत्री ने बताया कि क्षेत्रवासियों ने अपनी पेयजल समस्या वार्ड नंबर 45 के नवनियुक्त पार्षद हरीश गोरखा के समक्ष रखी थी। पार्षद ने इस मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर उनके संज्ञान में लाया, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए नए डीप बोर के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।

