तरनतारन में विवाहिता को जहर देकर मार डाला:पति रहता है गुजरात, दहेज के लिए तंग करते थे ससुराल वाले, सास ससुर सहित चार पर केस
- Neha Gupta
- Jun 15, 2026
तरनतारन में दहेज के लालच में एक और बेटी की जान चली गई। तरनतारन के भैणी सिधवां गांव में 32 साल की एक महिला दमनप्रीत कौर की ज़हर देने से मौत हो गई। मृतका के पिता के बयानों के आधार पर सदर थाने की पुलिस ने ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ हत्या और दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया है। सराय तलवंडी के रहने वाले शिकायतकर्ता सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने दो साल पहले अपनी बेटी दमनप्रीत कौर की शादी बलराज सिंह से की थी। बलराज गुजरात की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। पिता का आरोप है कि पति के बाहर रहने के कारण ससुराल वाले दमनप्रीत को कम दहेज लाने के ताने देते थे और लगातार मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। रात को ज़बरदस्ती खिलाया ज़हर पिता सरबजीत सिंह के अनुसार, 13 जून की रात करीब 11 बजे उन्हें खबर मिली कि दमनप्रीत की हालत बहुत गंभीर है और उसके ससुराल वालों ने उसे ज़बरदस्ती कोई ज़हरीली चीज़ खिला दी है। उसे तुरंत अमृतसर के गुरु रामदास अस्पताल (वल्ला) ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इन 4 लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा मामले की जांच कर रहे एएसआई (ASI) राजपाल सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने दमनप्रीत के ससुर सुच्चा सिंह, सास मनजीत कौरस, देवर विशाल सिंह, ननद हरप्रीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

