पंजाब के हेल्थ सुपरवाइजर को ढूंढने NDRF टीम बुलाई:फतेहाबाद में भाखड़ा ब्रांच नहर में गिरने की आशंका; किनारे पर मिली थी बाइक
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र में भाखड़ा ब्रांच नहर में गिरे पंजाब स्वास्थ्य विभाग के हेल्थ सुपरवाइजर को ढूंढने के लिए अब एनडीआरएफ की टीम बुलाई गई है। बठिंडा से एनडीआरएफ की टीम के 32 सदस्य रविवार को रतिया क्षेत्र में पहुंचे। यहां उन्होंने मामले की जानकारी लेने के बाद हेल्थ सुपरवाइजर की तलाश शुरू की। बता दें कि, हेल्थ सुपरवाइजर की बाइक और चप्पल भाखड़ा ब्रांच नहर के किनारे मिली थी। आशंका जताई जा रही है कि सुपरवाइजर ने नहर में छलांग लगा दी। दो दिन से पुलिस व परिजन हेल्थ सुपरवाइजर की तलाश कर रहे हैं। यह है पूरा मामला नहर में गिरे सुपरवाइजर की पहचान पंजाब के मानसा जिले के बोहा क्षेत्र निवासी भूपेंद्र सिंह (52) के रूप में हुई है। वह शुक्रवार शाम से लापता थे। वह अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ गए। शनिवार को उनकी बाइक और चप्पल गांव ब्राह्मणवाला के पास भाखड़ा ब्रांच नहर के किनारे मिलीं। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद नहर में सर्च अभियान चलाया गया। भूपेंद्र सिंह के पिता तरसेम व बेटे कपिल ने बुढलाडा क्षेत्र के एक नेता पर किसी प्रकार का दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है। मानसिक रूप से किया जा रहा था परेशान कपिल ने बताया कि उसके पिता की बोहा में ड्यूटी है। वे हेल्थ डिपार्टमेंट में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है। उनका आरोप है कि कुछ सहकर्मियों की शिकायतों के आधार पर उसके पिता भूपेंद्र सिंह पर अनावश्यक दबाव डाला गया, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थे। परिजनों का मानना है कि इसी दबाव के चलते उन्होंने नहर में कूदने जैसा कदम उठाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कपिल ने बताया कि उनके पिता का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। परिवार के सदस्य लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

