कांग्रेस के पूर्व मंत्री, बेटे के घर ED की रेड:पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के साथ 4 गाड़ियों में फरीदाबाद पहुंचीं टीमें; ऑफिस रिकॉर्ड भी खंगाला

हरियाणा के फरीदाबाद जिले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री चौधरी महेंद्र प्रताप सिंह और उनके बेटे विजय प्रताप के सैनिक कॉलोनी स्थित आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापा मारा है। ED की टीम पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के साथ उनके निवास पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। यह छापेमारी न केवल उनके घर पर, बल्कि सैनिक कॉलोनी स्थित उनके कार्यालय पर भी चल रही है। चौधरी महेंद्र प्रताप सिंह हरियाणा कांग्रेस के प्रमुख चेहरे हैं। वे फरीदाबाद जिले के नवादा कोह गांव के रहने वाले हैं और 5 बार विधायक व दो बार कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। हाल ही में 2024 लोकसभा चुनाव में वे फरीदाबाद से कांग्रेस उम्मीदवार थे, जहां उन्होंने भाजपा के कृष्णपाल गुर्जर के खिलाफ मजबूत मुकाबला लड़ा था। उनके बेटे विजय प्रताप भी दो बार चुनाव लड़ चुके है। चुनावी हलफनामे में पूर्व मंत्री ने अपनी संपत्ति करोड़ों में घोषित की थी। हालांकि, गुरुवार को हुई ED की यह कार्रवाई किसी विशिष्ट मामले से जुड़ी मानी जा रही है। फिलहाल, टीमें उनके आवास और ऑफिस से रिकॉर्ड खंगाल रही है। नौ घंटे से ये कार्रवाई चल रही है। आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम ED की टीम गुरुवार सुबह आठ बजे पूर्व मंत्री चौधरी महेंद्र प्रताप सिंह के सैनिक कॉलोनी स्थित आवास और कार्यालय पर पहुंची थी। सुबह से ही घर और कार्यालय में दस्तावेजों, कंप्यूटर और अन्य सामग्री की जांच में जुटी हुई है। आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय पुलिस भी मौजूद है। अभी तक ED की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार यह मनी लॉन्ड्रिंग या किसी वित्तीय अनियमितता से संबंधित जांच का हिस्सा हो सकता है। 17 सदस्यीय टीम कर रही जांच चार गाड़ियों में पहुंची ईडी की 17 सदस्यीय टीम इस समय दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है। ईडी की टीम के साथ सीआरपीएफ के जवानों के अलावा स्थानीय पुलिस बल की भी तैनाती की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। जब से जांच शुरू हुई है, पुलिस ने पूर्व मंत्री के आवास और ऑफिस में किसी को भी अंदर नहीं आने दिया है। आवास में केवल पूर्व मंत्री और उनके पारिवारिक सदस्य ही मौजूद है। महेंद्र प्रताप के बेटे विजय प्रताप भी चुनाव लड़ चुके पूर्व मंत्री महेंद्र प्रताप वरिष्ठ कांग्रेसी नेता है। वे 5 बार विधायक रहे और दो बार प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके है। उनके बेटे विजय प्रताप भी कांग्रेस की टिकट पर फरीदाबाद की बड़खल सीट से 2019 और 2024 में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। यह राजनीतिक द्वेषपूर्ण कार्रवाई- विवेक प्रताप कांग्रेस नेता महेंद्र प्रताप के आवास पर हुई ईडी की कार्रवाई के दौरान उनके बड़े भाई विवेक प्रताप बाहर आए और मीडिया से बात की। इस दौरान वे बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक द्वेषपूर्ण कार्रवाई है, जिसकी वह निंदा करते हैं। विवेक के मुताबिक, ईडी की टीम ने उन्हें बताया है कि मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रहे हैं। इस विवेक प्रताप ने टीम से कहा कि आप जांच करो, हमारा मनी लांड्री जैसी किसी चीज से कोई वास्ता नहीं है। पूर्व मंत्री करन दलाल ने भाजपा नेताओं को बताया लुटेरे महेंद्र प्रताप और विजय प्रताप के घर ईडी की रेड को लेकर कांग्रेस के पूर्व मंत्री करन दलाल का तीखा रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी की बहुत कायराना हरकत है। ईडी, इनकम टैक्स, आईबी, सीबीआई ये सभी भाजपा की गुलाम दासी हैं। गुलामों की तरह बिना कानून और रूल्स को देखे, लोगों को बदनाम करने का इन्होंने ठेका ले रखा है। हरियाणा पुलिस अपनी वर्दी की इज्जत न रखकर, इन बेईमान शासकों के आगे अपना ईमान गिरवी रख चुकी है। चौधरी महेंद्र प्रताप हरियाणा के कद्दावर नेता है, ईमानदारी में उनका नाम है। इस तरीके से उनकी उम्र और उनके स्वास्थ्य को नजरअंदाज करके चोरों की तरह ईडी ने ये तमाशा बनाया है, ये इलाका समझ रहा है। जो लोकसभा का चुनाव लड़कर महेंद्र प्रताप ने ताकत दिखाई, उससे भाजपा घबराई हुई है। अगर भाजपा को छापों की जरूरत है, तो केवल विरोधियों के घर पर ही छापे मारे जा रहे हैं। हम पूछना चाहते हैं कि फरीदाबाद के भाजपा सांसद, मंत्री और विधायक बीजेपी के इतने बड़े बडे़ चोर और लुटेरे बैठे हुए हैं, जो जनता को लूट रहे हैं। उन पर ईडी की रेड क्यों नहीं लगाई जा रही है। करोड़ों रुपए के घोटाले नगर निगम में हुए, यह सारा पैसा भाजपा के नेताओं की जेब में गया है। उनके यहां तो कोई रेड नहीं हुई।