हरियाणा से बिना दुल्हन लौटी पंजाब की बारात:कास्ट पूछने पर बिगड़ा रिश्ता, लड़की ने ऐन वक्त किया मना; यमुनानगर में कई घंटे हंगामा

हरियाणा के यमुनानगर के शुक्रवार को निकाह के लिए पंजाब से आई बारात को बगैर दुल्हन ही लौटना पड़ा। दुल्हन के परिजनों ने कास्ट छिपाकर धोखे से शादी करने का आरोप लगाते हुए रिश्ते से मना कर दिया। इसके बाद मामला थाने तक पहुंच गया। बाराती भी रिबन-फूलों से सजी गाड़ी लेकर थाने पहुंच गए। दूल्हा-दुल्हन को भी बुला लिया गया। इसके बाद दोनों पक्षों की सुनवाई हुई। काफी देर तक आरोप-प्रत्यारोप चलते रहे, जिसके कारण विवाद का हल नहीं निकल सका। कई घंटे हंगामे के बाद पुलिस ने दुल्हन को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया। यहां मजिस्ट्रेट के समक्ष उसके बयान कराए गए। युवती ने भी शादी से साफ मना कर दिया और माता-पिता के साथ रहने की बात कही। युवती के बयान के बारे में जैसे ही दूल्हा पक्ष को पता चला, वैसे ही बारात पंजाब वापस लौट गई। कैसे बिना दुल्हन लिए लौटी बारात, यहां जानिए पूरा मामला... लड़का पक्ष बोला- शादी से इनकार वाली बात नहीं बताई गई उधर, लड़का पक्ष के लोगों का कहना था कि लड़की पक्ष झूठ बोल रहा है। रिश्ता हुए करीब डेढ़ माह का समय बीच चुका है। ऐसे में कास्ट की बात लड़की वालों को न पता हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। आज निकाह के लिए वे पंजाब से बारात लेकर निकल चुके थे। बीच रास्ते में उन्हें लड़की वालों का फोन आता है कि वे यह निकाह नहीं करेंगे। दूल्हे पक्ष का कहना है कि उन्होंने कल रविवार को रिसेप्शन का प्रोग्राम भी रखा हुआ था, जिसमें काफी संख्या में रिश्तेदार आने वाले थे। ऐसे में मेहमानों के समाने उनकी इज्जत क्या रहेगी। लड़की बोलीं- नहीं करनी शादी, माता-पिता के साथ जाऊंगी उधर, इस मामले में चौकी प्रभारी राजीव ने बताया कि लड़की पक्ष की ओर से शिकायत भी दी गई। मामले का हल नहीं निकलने पर उन्होंने लड़की को वन स्टॉप सेंटर में छोड़ दिया। लड़की के मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान कराने पर उसने इस शादी से साफ तौर पर मना कर दिया। इसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। साथ ही बारात को बगैर दुल्हन ही वापिस अपने पंजाब लौटना पड़ा।