पंद्रहवीं विधानसभा के प्रथम वर्ष की पत्रिका का हुआ विमोचन

स्पीकर, मुख्यमंत्री सहित मंत्री व विधायक रहे उपस्थित, शोध आधारित विधायी कार्यों की पहले से ज्यादा जरूरत : नायब सैनी

चंडीगढ़, 02 दिसंबर (हि.स.)। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा2047तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का जो संकल्प लिया गया है,वह एक मजबूत विधायिका के बिना संभव नहीं है। इसलिए सभी प्रतिनिधियों और नागरिकों को मिलकर विधायी संस्थाओं को सशक्त बनाने में अपना योगदान देना चाहिए।

विधानसभा अध्यक्ष मंगलवार को हरियाणा विधान सभा के प्रांगण में आयोजित विधानसभा की पत्रिका ‘सदन संदेश’के विमोचन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, संसदीय कार्य मंत्री महीपाल ढांडा, विधान सभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, विधायक बी.बी. बत्रा, पत्रिका के सलाहकार संपादक डॉ. चंद्र त्रिखा ने पत्रिका का विमोचन किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, विपुल गोयल,डॉ.अरविंद शर्मा,श्याम सिंह राणा,रणबीर गंगवा,कुमारी आरती सिंह रावतथा विधायकभी उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि आज इस पत्रिका का लोकार्पण एक ऐसे विशेष स्थान पर हो रहा है जिसकी भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व में विशिष्ट पहचान है। यह कैपिटल कॉम्प्लेक्स, जहां हरियाणा विधान सभा स्थित है, इसकी एक ओर कार्यपालिका यानी सिविल सचिवालय स्थित है और दूसरी ओर न्यायपालिका—उच्च न्यायालय— स्थापित है। विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि पत्रिका में बीते एक वर्ष के दौरान हरियाणा विधान सभा के सभी सत्रों की विस्तृत समीक्षा शामिल की गई है,जिससे आमजन को सदन की कार्यवाही की सटीक और विधिवत जानकारी प्राप्त होगी। यह पत्रिका न केवल सूचनाप्रद और रोचक है,बल्कि जन-जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

पत्रिका विधायी कामकाज को नई ऊर्जा देगी : नायब सिंह

मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि सदन संदेश पत्रिका हरियाणा विधान सभा की नई सोच, नई दिशा, नए संकल्प का शुभारम्भ है। यह विधायी कामकाज को नई ऊर्जा देगी। उन्होंने कहा कि जनता अपने प्रतिनिधियों पर विश्वास करती है। इस विश्वास को बनाए रखना हम सबकी साझी जिम्मेदारी है। विधायिका वह स्थान है जहां कानून बनते हैं और नीतियां तय होती हैं। सबका दायित्व है कि जनता की भावनाओं को समझे और उन पर सार्थक चर्चा करें। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था का स्वाभाविक हिस्सा है।

हरियाणा की दिशा और सोच को व्यापक रूप से प्रस्तुत करेगी ‘सदन संदेश’ पत्रिका : महीपाल ढांडा

संसदीय कार्य मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि ‘सदन संदेश’ पत्रिका का आज हुआ यह लोकार्पण विधान सभा अध्यक्ष की दूरदृष्टि का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि इस पहल से हरियाणा ही नहीं, बल्कि देश के अन्य हिस्सों में भी यह स्पष्ट रूप से जाना जा सकेगा कि हरियाणा किस दिशा में आगे बढ़ रहा है और प्रदेश की वास्तविक सोच क्या है। सदन में पक्ष और विपक्ष के बीच होने वाली सार्थक बहस, लोकतंत्र की खूबसूरती और जनप्रतिनिधियों व जनता के बीच संवाद की प्रक्रिया—इन सभी पहलुओं का सार इस पुस्तिका में समाहित है।

युवा पीढ़ी के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का मूल्यवान दस्तावेज बनेगी ‘सदन संदेश’ : डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा

हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने सभी उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज का यह आयोजन मात्र एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी लोकतांत्रिक परंपराओं का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि ‘सदन संदेश’ पत्रिका हरियाणा विधानसभा के सदस्यों द्वारा अपने दायित्वों के परिपक्व निर्वहन का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब नियत जनहित की हो, तो विचारों में भले ही भिन्नता हो, लेकिन उद्देश्य एक ही रहता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा