अमृतसर में घरेलू कलह में माता-पिता बने कातिल:बहू को वापस लाने को लेकर विवाद, बेटे के सिर पर मारी ईंट, मौके पर मौत
- Admin Admin
- Dec 06, 2025
अमृतसर में एक परिवार में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कलह इतनी बढ़ी कि माता-पिता ने अपने बेटे की ही जान ले ली। बेटा नाराज़ होकर मायके गई अपनी पत्नी को लाना चाहता था। इसको लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि माता-पिता ने बेटे के सिर पर ईंट मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि माँ की तलाश की जा रही है। बेटे की पत्नी को लेकर था विवाद घटना अजनाला थाना क्षेत्र के गांव कयामपुर की है। यहां सिमर जंग और नवप्रीत का विवाह चार साल पहले हुआ था और उनका दो साल का पुत्र है। उसकी पत्नी को लेकर घर में विवाद होता था। घरेलू तनाव और परेशानियों के चलते नवप्रीत कुछ समय पहले अपने मायके चली गई थी। सिमर जंग अपनी पत्नी को वापस लाना और परिवार को जोड़कर रखना चाहता था। इसको लेकर घर में विवाद होता था। ससुराल पक्ष को नवप्रीत का वापस आना मंजूर नहीं था। उनका कहना था कि वे अपने पुत्र का दूसरा विवाह करना चाहते हैं। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में सिमर जंग के माता-पिता ने उस पर ईंटों से हमला कर दिया। अजनाला पुलिस थाना के प्रभारी हिमांशु भगत ने बताया कि मृतक के पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसकी माता की तलाश जारी है।



