अमृतसर में बुजुर्ग को बचाने पहुंचे युवक को मारी गोली:हालत गंभीर; भाभी प्रिया बोलीं– इंसानियत की चुकाई कीमत, आरोपी फरार, तलाश जारी

अमृतसर के कोट खालसा क्षेत्र के आदर्श नगर में शनिवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। एक बुजुर्ग को पिटाई से बचाने पहुंचे युवक विक्रम को गोली मार दी गई। घायल विक्रम की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। इस मामले में विक्रम की भाभी प्रिया ने पूरी घटना का आंखों देखा हाल बताया है। प्रिया ने बताया कि शनिवार रात इलाके में जागरण चल रहा था। जागरण समाप्त होने के बाद विक्रम घर लौट रहा था। इसी दौरान उसने पड़ोस में रहने वाले गुलशन को एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ मारपीट करते देखा। बुजुर्ग की हालत देखकर विक्रम रुक गया और उसने गुलशन को समझाने की कोशिश की। बीच-बचाव में बढ़ा विवाद प्रिया के अनुसार, विक्रम का बीच-बचाव करना गुलशन को नागवार गुजरा और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ते ही गुलशन के घर से उसका एक रिश्तेदार बाहर निकला, जिसके हाथ में पिस्टल थी। बिना किसी चेतावनी के उसने विक्रम पर फायरिंग कर दी। गोली विक्रम के पैर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। विक्रम अस्पताल में भर्ती गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। खून से लथपथ विक्रम को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। परिजनों का कहना है कि विक्रम की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल विक्रम के बयान के आधार पर पुलिस ने गुलशन को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में गुलशन ने बताया कि गोली चलाने वाला उसका रिश्तेदार था, जो घटना के बाद फरार हो गया। प्रिया ने प्रशासन से मांग की है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि विक्रम ने सिर्फ इंसानियत दिखाई थी, लेकिन उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ी।