बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पिता की हत्या:अबोहर में घर से बाहर निकलते ही घेरा, गर्दन-सिर पर तेजधार हथियार से हमला

फाजिल्का में अबोहर के गांव भंगाला में छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों ने घर से निकलते ही उसे घेर लिया और तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर हमलावर परिवार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, गांव भंगाला में एक युवक पिछले कुछ समय से एक लड़की को परेशान कर रहा था। लड़की के पिता बलकार सिंह उसे ऐसा करने से रोते थे। इसी रंजिश के चलते यह घटना हुई। तेजधार हथियारों से किया हमला मृतक की पत्नी चरनजीत कौर ने पुलिस को बताया कि कल शाम जब उनके पति बलकार सिंह घर से बाहर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान घर के बाहर पड़ोस में रहने वाले मनजिंदर सिंह उर्फ मनी, उसके भाई तरसेम सिंह, पिता चंद सिंह और मां हरप्रीत कौर ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने बलकार सिंह पर तेजधार हथियार (कसिया) से गर्दन और सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सदर पुलिस ने मृतक बलकार सिंह के शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। घटना के बाद से हमलावर परिवार फरार है, जिनकी तलाश की जा रही है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। 3 बच्चों का पिता था मृतक मृतक बलकार सिंह मजदूरी का काम करते थे। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी है। परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।