फाजिल्का में कार-ट्रॉला टक्कर में महिला की मौत:चालक को झपकी आने से हादसा, लुधियाना से शादी समारोह से लौट रहा था परिवार

फाजिल्का के अबोहर के गांव बल्लूआना के पास आज दोपहर एक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। कार अनियंत्रित होकर आगे जा रहे एक ट्राले से टकरा गई। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी मौत हो गई। हादसे में महिला के पति और बच्चे बाल-बाल बच गए। परिवार लुधियाना में शादी समारोह में शामिल होकर अबोहर लौट रहा था। मृतक महिला की पहचान तारा एस्टेट कॉलोनी निवासी सुनीता मित्तल के रूप में हुई है। उनके साथ पति सुशील मित्तल, बेटी आस्था और भतीजी मुस्कान भी कार में सवार थे। जानकारी के अनुसार, लुधियाना से अबोहर आते समय बल्लूआना कॉलोनी के निकट कार चालक सुशील मित्तल को नींद की झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्राले से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार की कंडक्टर साइड में बैठी सुनीता मित्तल गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल रेफर किया गया। सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों ने सुनीता मित्तल को मृत घोषित कर दिया। सुनीता मित्तल शहर के प्रसिद्ध मिष्ठान भंडार चानन मल स्वीट हाउस के संचालक रोहतास गुप्ता की बुआ की बेटी थीं। घटना के बाद गुप्ता परिवार ने भी इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।