बटाला में ट्रक ड्राइवर से चाकू की नोक पर लूट:लड़कों-लड़कियों के गिरोह ने हमला कर घायल किया, लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंपे

गुरदासपुर जिले के बटाला में गोखूवाल बाईपास के पास एक ट्रक ड्राइवर को चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। लड़कों और लड़कियों के एक गिरोह ने ड्राइवर पर हमला कर उसे घायल कर दिया और कैश छीन लिया। हालांकि, ड्राइवर के शोर मचाने पर स्थानीय लोगों की मदद से आरोपियों को पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। सिविल अस्पताल बटाला में भर्ती घायल ड्राइवर बुद्धू राम पुत्र राजू राम, निवासी राजस्थान ने बताया कि वह अपने ट्रक में सीमेंट लादकर पठानकोट की ओर जा रहा था। बटाला के गोखूवाल बाईपास पर गांव अहमदाबाद के पास एक पेट्रोल पंप के नजदीक उनके ट्रक के टायरों से धुआं निकलने लगा। जब बुद्धू राम ट्रक से उतरकर टायरों की जांच कर रहे थे, तभी 2 युवक और 2 लड़कियां उनके पास आए। उनके हाथों में चाकू थे। ड्राइवर पर चाकुओं से किया हमला ड्राइवर के अनुसार, आरोपियों ने उन पर चाकुओं से हमला कर दिया। बचाव के प्रयास में उसके हाथ पर चाकू लगा, जिससे वह घायल हो गया। हमलावरों ने उसकी जैकेट में रखे 8 हजार रुपए छीन लिए और मौके से खेतों की ओर फरार हो गए। लोगों ने चारों को पकड़ा बुद्धू राम के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों की मदद से चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया और बाद में थाना किला लाल सिंह की पुलिस को सौंप दिया गया। घायल ड्राइवर बुद्धू राम को 108 एम्बुलेंस के कर्मचारियों ने सिविल अस्पताल बटाला में भर्ती कराया। पुलिस कर रही मामले की जांच थाना किला लाल सिंह के एसएचओ प्रभजोत सिंह ने बताया कि घायल ट्रक ड्राइवर का बयान एएसआई इकबाल सिंह द्वारा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।