लुधियाना शादी समारोह में ताबड़तोड़ फायरिंग:दो लोगों की मौत की सूचना; कई घायल, समारोह में MLA भी थे मौजूद
- Admin Admin
- Nov 30, 2025
पंजाब के लुधियाना में एक शादी समारोह में दो पक्षों में बहस के बाद लड़ाई हो गई। देखते ही देखते एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार गोलीबारी में पांच से सात लोग घायल हुए हैं जबकि दो लोगों की मौत की सूचना है। हालांकि प्रशासन ने अभी तक किसी की मौत होने की पुष्टि नहीं की। बताया जा रहा है कि शादी समारोह पखोवाल रोड स्थित बाथ कैसल पैलेस में चल रहा था। देर रात समारोह के दौरान दो पक्षों में कहा सुनी हुई और लड़ाई ने हिंसक रूप ले लिया। गोलीबारी में घायल लोगों को डीएमसी व अन्य निजी अस्पतालों में दाखिल किया गया है। घायल कौन हुआ है और किस किस को गोली लगी है अभी तक इस बारे में कुछ भी नहीं बताया जा रहा है। रात को पैलेस में गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक गोली चलाने वाले वहां से फरार हो चुके थे। बताया जा रहा है कि शादी समारोह में दो गैंगस्टर थे जिनकी आपस में बहस हो गई थी और उन्होंने ही एक दूसरे गुट पर गोलियां चलाई हैं। गैंगस्टरों के दो गुटों में विवाद की आशंका बताया जा रहा है कि यह शादी एक झूला ठेकेदार के परिवार की थी। समारोह में स्थानीय विधायक भी थे। इसके अलावा गैंगस्टर शुभम मोटा और अंकुर लुधियाना भी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार दो गैंगस्टरों के गुटों के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई जो कुछ ही मिनटों में हाथापाई और फिर गोलियों की बारिश में बदल गई। अनुमान है कि मौके पर 20 से 25 राउंड फायरिंग हुई। सूत्रों के अनुसार फायरिंग में एक ठेकेदार की रिश्तेदार नीरू छाबड़ा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें देर रात फिरोजपुर रोड स्थित ग्लोबल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं एक अन्य मृतक की पहचान एक कारोबारी के रूप में हुई है। हालांकि अभी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आम मेहमान भी आए चपेट में अचानक हुई गोलीबारी में समारोह में शामिल आम लोग भी घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। समारोह में वसु चोपड़ा, जे.के. डावर समेत कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां मौजूद थीं जिससे मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। प्रशासन सतर्क आधिकारिक पुष्टि का इंतजार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। अधिकारियों के अनुसार फायरिंग के पीछे की असली वजह और मृतकों, घायलों की सही संख्या की आधिकारिक पुष्टि जल्द की जाएगी। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।



