लुधियाना में खुशियों की रात मातम में बदली:शादी में गोलीबारी से 2 बच्चों के पिता की मौत,जन्म दिन वाले दिन महिला की मौत

पंजाब के लुधियाना में पक्खोवाल रोड स्थित बाथ कैसल में एक शादी समारोह में दो गैंग में गोलीबारी हो गई। इस शादी समारोह में कई वीआईपी नेता और पुलिस अधिकारी भी शामिल थे। लोगों ने बच्चों सहित टेबलों के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। मैरिज पैलेस में सुबह तक सामान बिखरा मिला। फायरिंग में एक व्यक्ति वासु और महिला नीरू छाबड़ा की मौत हो गई है। नीरू की मौत उसी दिन हुई है जिस दिन नीरू का जन्म दिन था। कई जगह कांच के गिलास और भाग रहे लोगों के जूते पड़े मिले। घटना मैरिज पैलेस के सीसीटीवी में कैद हुई लेकिन पुलिस ने डीवीआर अपने कब्जे में लिया। इस तरह की घटना के बाद कानून व्यवस्था पर लोग सवाल खड़े कर रहे है। एक-दूसरे को जान से मारने की नीयत से क्रॉस फायरिंग एक पक्ष में अंकुर, जसबीर सिंह, रूबल प्रधान, जतिंदर कुमार डाबर और इनके 4-5 साथी शामिल थे। वहीं दूसरे पक्ष में शुभम मोटा, युवराज सिंह, एक सरदार व चार पांच लोग थे। दोनों पक्ष घातक हथियारों के साथ पहुंचे थे और एक-दूसरे को जान से मारने की नीयत से क्रॉस फायरिंग की। पुलिस ने इस केस में तेजी दिखाते हुए आनन-फानन में देर रात ही मामला दर्ज कर दिया। करीब 6 से 7 लोग पुलिस ने राउंड अप भी किए है। यह भी पता चला कि कुछ आरोपियों ने एनकाउंटर के डर से खुद ही सरेंडर कर दिया है। बीते दिन पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा खुद इस मामले पर नजर बनाए हुए थे। इस गोलीबारी में 32 वर्षीय वासु चोपड़ा और जालंधर निवासी एक महिला नीरू छाबड़ा की बुलेट लगने से मौत हो गई। खुशियों से भरा माहौल पल भर में मातम में बदल गया। वासु चोपड़ा अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले थे। उनके परिवार में उनकी बुजुर्ग मां, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जिन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शादी को लेकर बहुत उत्साहित था वासु वासु के चचेरे भाई शिवम ने बताया कि दूल्हा वरिंदर कपूर न केवल उनका पड़ोसी था, बल्कि वासु का अच्छा दोस्त भी था। शिवम ने कहा कि वह शादी के लिए बहुत उत्साहित था। उसने दो नए सूट खरीदे थे-एक शादी के लिए और दूसरा रिसेप्शन के लिए। वह अपने दोस्त के इस बड़े दिन को पूरी तरह से मनाना चाहता था। दुल्हन की एंट्री पर संगीत रुकते ही चली गोलियां शिवम के अनुसार वासु शाम को दोस्तों के साथ खुशी से नाच रहा था। दुल्हन के प्रवेश के लिए संगीत को थोड़ी देर के लिए रोका गया, तभी अचानक अफरा-तफरी मच गई। दो प्रतिद्वंद्वी गैंग ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। शिवम ने कहा कि इससे पहले कि हम समझ पाते कि क्या हो रहा है, वह गिर गया। हमने उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। होजरी कारोबारी था वासु वासु एक छोटी होजरी निर्माण इकाई चलाता था। उसने पहले ही बहुत कठिनाई का सामना किया था। उन्होंने पिछले वर्ष अपने चाचा और पिता को बीमारी के कारण खो दिया था। उसी के कंधों पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। एक पल में सब कुछ तबाह हो गया वासु के साला पारुल ने कहा कि हमारा पूरा परिवार एक पल में तबाह हो गया। जीजा वासु कानून का पालन करने वाले इंसान था। उनकी शादी बहन शीतल के साथ करीब 5 से 6 साल पहले ही हुई है। अभी दो बच्चे माधव और केशव है। वासु की उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। हमें अभी तक नहीं पता कि गोली किसने चलाई है। करीब 50 से 60 फायर वहां हुए है। मैने खुद 20 से 25 खाली रोंद पुलिस को ढूंढ कर दिए। फिर भी उसे बिना किसी वजह से गुंडों ने गोली मार दी। गोली वासु की कमर से होकर उसके लिवर पर लगी है। लिवर फट जाने के कारण उसकी मौत हुई है। उनके परिवार में पत्नी शीतल, बच्चों, मां अंजना चोपड़ा और चाची के साथ रहते थे। आज शहर में कानून व्यवस्था बुरी तरह से बिगड़ चुकी है। पहले तो आम सड़कों पर लोग सुरक्षित नहीं थे। अब तो निजी समारोह शादी विवाह पर भी लोग सुरक्षित नहीं है। शादी समारोह में फायरिंग जैसी घटनाएं पुलिसिंग सिस्टम की पूरी विफलता है। अपराधी सरेआम हथियारों के साथ खुलेआम घूमते पारुल ने कहा कि अपराधी हथियारों के साथ खुलेआम घूमते हैं। ये बदमाश शादियों में जाते हैं और सरेआम गोलियां चलाते है। इस तरह के आपराधिक रिकार्ड वाले लोगों को मैरिज पैलेसों में एंट्री कैसे मिल जाती ये बड़ा सवाल है। मेरी पुलिस प्रशासन से मांग है कि विवाह समारोह का कार्यक्रम करवाने वाले पर भी सख्त कार्रवाई की जाए जिसने इन गुंडों को इनवीटेशन दिया है। वासु का आज अंतिम संस्कार 11 बजे बाजवा नगर श्मशान घाट में किया जाएगा। जन्म दिन वाले दिन हुई नीरू छाबड़ा की मौत बता दें कि जालंधर के मोहल्ला करार खान बोहड़ वाला चौक की रहने वाले नीरू छाबड़ा दूल्हे वरिंदर कपूर की मौसी थी। गोली लगने से उनकी भी मौत हो गई है। गोली फेफड़ों से होती हुई दिल फाड़ गई जिस कारण नीरू की मौत हुई है। नीरू के परिजनों ने पत्रकारों से बातचीत करने से मना कर दिया। इतना पता चला है कि नीरू की एक बेटी विदेश में पढ़ाई करती है और उनका जालंधर में जनरल स्टोर है। नीरू का बीती देर शाम पोस्टमॉर्टम करवा दिया है। उसके शव परिजन जालंधर ले गए है।