लुधियाना में उम्मीदवारों की सूची के बाद हंगामा:कई के नामांकन हुए रद्द; आप सरकार खिलाफ की नारेबाजी, आपत्तियां न लेने का आरोप
- Admin Admin
- Dec 05, 2025
पंजाब के लुधियाना में कस्बा माछीवाड़ा में ब्लॉक समिति चुनाव के उम्मीदवारों की सूची जारी करने में देरी के बाद शुक्रवार देर शाम हंगामा हो गया। विरोध प्रदर्शन के दौरान चुनाव अधिकारी कथित तौर पर पिछले दरवाजे से निकल गए। चुनाव आयोग द्वारा उम्मीदवारों के दाखिल पत्रों की जांच के बाद दोपहर 3 बजे नगर काउंसिल के बाहर सूची लगाई जानी थी। आम आदमी पार्टी को छोड़कर अन्य सभी दलों के उम्मीदवार और वरिष्ठ नेता निर्धारित समय से पहले पहुंच गए थे। लोगों ने सरकार खिलाफ की नारेबाजी हालांकि, कार्यालय से सूचना मिली कि सूची दो घंटे बाद लगेगी। दो घंटे बीतने के बाद एक और आदेश आया कि सूची शाम 7 बजे जारी की जाएगी। इससे बाहर इंतजार कर रहे लोग भड़क गए और उन्होंने प्रशासन व पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। आखिरकार, शाम करीब 6:20 बजे चुनाव आयोग ने सूची जारी की। इसमें पता चला कि कुल 89 उम्मीदवारों में से 8 के दाखिल किए गए नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए थे। आशु शर्मा, परमिंदर तिवारी, संजीव लीहल, जसपाल सिंह जज, कपिल आनंद, हरजतिंदर सिंह बाजवा, कुलदीप जातिवाल, वनीत झड़ौदी और सुखविंदर शर्मा सहित विपक्षी दलों के नेताओं ने रोष व्यक्त किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि कोई धांधली नहीं थी, तो अधिकारियों ने सूची जारी करने में इतनी देरी क्यों की। नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि उनके द्वारा दिए जाने वाले आपत्तियां स्वीकार नहीं की गईं, जिसे उन्होंने 'लोकतंत्र की हत्या' बताया। इसी तरह खन्ना में 71 में से 2 नामांकन रद्द हुए हैं। एक आजाद उम्मीदवार का है और एक किसी कवरिंग का है।



