नवजोत कौर के 500 करोड़ वाले बयान पर घिरी कांग्रेस::भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ सुधांशु त्रिवेदी ने बयान के जरिए कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व को घेरा
- Admin Admin
- Dec 08, 2025
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ नवजोत कौर सिद्धू के 500 करोड़ रुपए वाले बयान पर कांग्रेस पार्टी को विरोधी दलों ने घेरना शुरू कर दिया। भारतीय जनता पार्टी ने इस बयान के जरिए कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर भी सवाल खड़े कर दिए। नवजोत कौर सिद्धू का बयान अब राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के लिए मुसीबत बन गया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्य सभा सदस्य डॉ सुधांशु त्रिवेदी ने एक वीडियो पोस्ट के जरिए कहा कि नवजोत कौर के बयान से स्पष्ट हो गया कि भ्रष्टाचार और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। विकास का विषय हो सरकार में या सीटों के बंटवारे का विषय संगठन में कांग्रेस में प्रथम आधार सिर्फ भ्रष्टाचार है। कांग्रेस में संगठन स्तर पर भ्रष्टाचार का आरोप नई बात नहीं डॉ सुधांशु त्रिवेदी ने अपनी पोस्ट में कहा कि पंजाब कांग्रेस के नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने गंभीर आरोप लगाया है कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री का पद कम से कम 500 करोड़ रुपए अटैची में देने पर ही संभव है। यह आरोप नया नहीं है। इससे पहले कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मार्गरेट अल्वा ने अपनी किताब Courage and Commitment में लिखा था कि 2008 के कर्नाटक विधानसभा चुनावों में सीटों की खुली बोली लग रही थी जो जितना पैसा दे, उसे टिकट। यह स्पष्ट है कि भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी कांग्रेस के अंदर भ्रष्टाचार का रोग संगठन तक फैला हुआ है। देश की जनता सावधान रहे ये लोग पार्टी के अंदर भी लोकतंत्र के दुश्मन हैं और बाहर भी। इनके हाथों न संविधान सुरक्षित है और न ही पार्टी का संविधान। अपने को मासूम दिखाने के प्रयास बेनकाब हो चुके हैं, क्योंकि आपके ही नेताओं की जुबानी आपके भ्रष्टाचार की कहानी सामने आ रही है। तो बताइए, इस विषय पर आपका क्या कहना है? क्योंकि जहां आप सरकार पर आरोप लगाते हैं, वहीं यहां आरोप आपकी ही पार्टी के भीतर से उठ रहे हैं। एक तथ्य स्पष्ट है भ्रष्टाचार और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। विकास का विषय हो सरकार में या सीटों के बंटवारे का विषय संगठन में कांग्रेस में प्रथम आधार सिर्फ भ्रष्टाचार है। गुटबाजी से जूझ रही कांग्रेस के लिए नई मुसीबत पंजाब कांग्रेस इन दिनों गुटबाजी से जूझ रही है और पार्टी में अलग-अलग गुट सक्रिय हैं। इस सब के बीच नवजोत कौर सिद्धू के बयान ने कांग्रेस के लिए नई मुसीबत खड़ी कर दी। नवजोत कौर सिद्धू के इस बयान को लेकर अभी तक कांग्रेस के किसी नेता ने आधिकारिक तौर पर बयान नहीं दिया। नवजोत कौर के बयान ने सिद्धू की दावेदारी की कमजोर पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन की सुगबुगाहट के बीच नवजोत सिंह सिद्धू भी पिछले कुछ समय से फिर एक्टिव होने लगे थे। सिद्धू कांग्रेस हाईकमान राहुल गांधी व प्रियंका गांधी से मिलने भी गए और उन्होंने सोशल मीडिया पर फोटो भी पोस्ट की। यही नहीं उन्होंने अपने समर्थकों के जरिए खुद को भी अप्रत्यक्ष तौर पर पार्टी प्रधान का दावेदार बताना शुरू कर दिया था। नवजोत कौर सिद्धू के 500 करोड़ रुपए की अटैची वाले बयान ने पंजाब कांग्रेस में नवजोत सिंह सिद्धू की दावेदारी को कमजोर कर दिया है। पार्टी इस बयान के बाद नवजोत सिंह सिद्धू को कोई अहम जिम्मेदारी देने से गुरेज कर सकती है। पत्नी का बयान नवजोत सिंह सिद्धू के राजनीतिक सफर पर भी असर डाल सकता है। नवजोत कौर के बयान को विपक्षी दल बना रहे मुद्दा नवजोत कौर के बयान को विपक्षी दलों ने मुद्दा बनाना शुरू कर दिया। पंजाब में आदमी पार्टी से लेकर तमाम विपक्षी दलों ने नवजोत कौर के बयान को भुनाना शुरू कर दिया। आम आदमी पार्टी के कुलदीप धालीवाल ने बाकायदा प्रेस कान्फ्रेंस करके कांग्रेस को भ्रष्टाचारियों की पार्टी बताया तो वहीं भाजपा ने तो इसे राष्ट्रीय स्तर पर मुद्दा बना लिया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ भी खोला था मोर्चा कैप्टन अमरिंदर सिंह जब कांग्रेस पार्टी में थे और पंजाब के मुख्यमंत्री थे तो उनकी नवजोत सिंह सिद्धू से 36 का आंकड़ा रहने लगा था। नवजोत सिंह सिद्धू तब लगातार कैप्टन अमरिंदर सिंह के कामकाज पर सवाल खड़े कर रहे थे। उस दौरान भी नवजोत कौर सिद्धू ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ मोर्चा खोला था और अपने पति को सच बोलने वाला नेता बताया था। 2019 में कहा था कांग्रेस से तोड़ दिया नाता सूबे में जब कांग्रेस पार्टी की सरकार थी तब 2019 में नवजोत कौर सिद्धू ने अमृतसर में एक कार्यक्रम के दौरान ऐलान किया था कि वो अब कांग्रेस में नहीं हैं वो सिर्फ समाज सेवी बनकर काम करेंगी। हालांकि बाद में नवजोत सिंह सिद्धू कांग्रेस के प्रधान बने तो वो फिर से पार्टी गतिविधियों में सक्रिय हो गई।



