सिद्धू मूसेवाला के पिता को मिल रहीं धमकियां:मानसा में यूथ कांग्रेस ने बढ़ते अपराध पर प्रदेश की मान सरकार को घेरा
- Admin Admin
- Dec 29, 2025
मानसा: पंजाब में बढ़ते संगठित अपराध (Organized Crime) और चरमराती कानून-व्यवस्था के खिलाफ मानसा में यूथ कांग्रेस ने विशाल रोष प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह विशेष रूप से शामिल हुए। "आज भी मिल रही हैं धमकियां": बलकौर सिंह प्रदर्शन के दौरान बलकौर सिंह ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि उन्हें आज भी रोजाना धमकियां मिल रही हैं, लेकिन सरकार और पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब में गैंगस्टरवाद इस कदर बढ़ गया है कि आम आदमी असुरक्षित महसूस कर रहा है, रोजाना हत्याएं हो रही हैं और सरेआम फिरौती मांगी जा रही है। सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी: यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संयोगप्रीत सिंह और कार्यकारी अध्यक्ष करण होडला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नेताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और डीजीपी पंजाब को राज्य में गैंगस्टरवाद और नशा रोकने में पूरी तरह विफल बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल दावे कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। नशे की समस्या पर भी घेरा: कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पंजाब का हर वर्ग इस समय गैंगस्टरवाद और नशे की समस्या से त्रस्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन समस्याओं पर लगाम नहीं लगाई गई, तो प्रदर्शन को और उग्र किया जाएगा।



