बुढलाड़ा में पेट्रोल लेकर टंकी पर चढ़े PRTC कर्मचारी:प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने का विरोध, किलोमीटर टेंडर पॉलिसी के खिलाफ प्रदर्शन
- Admin Admin
- Nov 28, 2025
पंजाब सरकार की किलोमीटर स्कीम टेंडर पॉलिसी के विरोध में बुढलाड़ा में पीआरटीसी के कच्चे कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान 5 कर्मचारी पेट्रोल की बोतल लेकर वाटर वर्क्स की टंकी पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने लगभग दो दर्जन प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया था। इसके बाद, विरोध में 5 कर्मचारियों ने वाटर वर्क्स की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। साथियों को पुलिस हिरासत में लेने पर भड़के कुलदीप सिंह और जगजीत सिंह ने बताया कि वे शांतिपूर्ण तरीके से डिपो के गेट पर विरोध कर रहे थे। लेकिन पुलिस ने उनके कई साथियों को जबरन हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में वे पेट्रोल की बोतल लेकर वाटर वर्क्स की टंकी पर चढ़ने को मजबूर हुए हैं। कर्मचारियों ने मांग की कि जब तक किलोमीटर टेंडर पॉलिसी रद्द नहीं की जाती और उनके हिरासत में लिए गए साथियों को रिहा नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने उन्हें अभी तक नियमित नहीं किया है और उनकी अन्य मांगें भी पूरी नहीं की गई हैं। पुलिस का कर्मचारियों को हिरासत में लेने से इनकार वहीं, बुढलाड़ा के डीएसपी प्रितपाल सिंह ने बताया कि प्रदर्शन करने वाले कुछ लोगों ने डिपो का गेट बंद किया था, जिन्हें हटाकर एक तरफ किया गया है। उन्होंने किसी को भी हिरासत में लेने से इनकार किया।



