मोहाली में बढ़ीं चोरियां, पुलिस ने बढ़ाया चेकिंग अभियान:हरियाणा बॉर्डर पर विशेष जांच, ट्रैफिक नियम तोड़ने पर 15 वाहनों के चालान
- Admin Admin
- Dec 04, 2025
पंजाब के मोहाली में चोरी और लूट की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए चेकिंग बढ़ा दी गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त तेज कर दी गई है। पुलिस द्वारा नाकाबंदी के साथ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बताया गया है कि हरियाणा सीमा से सटे ज़ीरकपुर में हाल ही में चोरी की घटनाओं में वृद्धि हुई है। इसे लेकर बलटाना पुलिस सक्रिय हो गई है। बुधवार को चौकी इंचार्ज गुरप्रीत सिंह के नेतृत्व में हरियाणा सीमा पर एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहनों और आने-जाने वाले लोगों की गहन जांच की। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले लगभग 15 वाहनों के चालान काटे गए। पुलिस टीम ने वाहनों के दस्तावेज़, नंबर प्लेट और संदिग्ध गतिविधियों की बारीकी से जांच की। चौकी इंचार्ज गुरप्रीत सिंह ने बताया कि ज़ीरकपुर की भौगोलिक स्थिति के कारण चंडीगढ़, पंचकूला, मौली-जागरां और हरियाणा से बड़ी संख्या में लोग प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरते हैं। चोरी जैसी आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सीमा पर निगरानी बढ़ाना आवश्यक हो गया है।



