मुंबई नगरनिगम चुनाव के लिए भाजपा की 66 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी

मुंबई, 29 दिसंबर (हि.स.)। मुंबई नगर निगम (बीएमसी)चुनाव के लिए सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने 66 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। भाजपा बीएमसी की कुल २२७ सीटों में 128 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। अमित साटम ने कहा कि अन्य उम्मीदवारों की सूची जल्द जारी की जाएगी।

मुंबई भाजपा की ओर से जारी 66 उम्मीदवारों में युवा चेहरों को मौका दिया है। इस सूची में तेजस्वी घोसालकर, नवनाथ बान, मकरंद नार्वेकर, गणेश खनकर समेत कई लोगों के नाम हैं। तेजस्वी घोसालकर शिवसेना यूबीटी से भाजपा में आई हैं और उन्हें दहिसर से टिकट दिया गया है, जबकि रवि राजा कांग्रेस से भाजपा में आए हैं , उन्हें भी भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। इसी प्रदेश भाजपा में प्रवक्ता पद सभाल रहे नवनाथ बन को भी उम्मीदवार घोषित किया है।

इस सूची में उत्तर भारतीय उम्मीदवारों को भी स्थान दिया गया है। मुंबई भाजपा बीएमसी चुनाव शिंदे समूह की शिवसेना और राकांपा एपी के साथ मिलकर लड़ रही है। इसलिए भाजपा अपने सहयोगी दलों को भी सीटों पर साथ मिलकर चुनाव प्रचार करने और उन सभी उम्मीदवारों को जिताने का प्रयास कर रही है। मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने कहा कि भाजपा गठबंधन ही मुंबई नगर निगम चुनाव जीतेगा और उनका ही अगला महापौर बनेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव