भारत-अफगानिस्तान मैच बारिश से रुका, PHOTOS:धर्मशाला में कलरफुल कॉस्ट्यूम में क्रिकेट फैन्स ; रेनकोट पहनकर डांस किया; रोहित-श्रेयस ने की प्रैक्टिस

धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) स्टेडियम में भारत-अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की सीरीज का पहला वनडे मैच बारिश के कारण रुक गया है। दोपहर 1:00 बजे होने वाला टॉस तय समय पर नहीं हो सका। मैच का निर्धारित समय दोपहर 1:30 बजे था, लेकिन आसमान में छाए घने बादलों के कारण खेल शुरू होने में देरी हो रही है। धौलाधार की पहाड़ियों पर घने काले बादल छाए हुए हैं, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। क्षेत्र का तापमान गिरकर 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने पहले ही पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण क्षेत्र में भारी बारिश और गरज के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की थी। टॉस और खेल में देरी के बावजूद क्रिकेट फैंस काफी उत्साहित हैं। देश-विदेश के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ जैसे पड़ोसी राज्यों से सैंकड़ों दर्शक स्टेडियम पहुंचे हैं। स्कूली बच्चे भी मैच देखने के लिए डटे हुए हैं। कोई रंग-बिरंगे छाते, तो कोई रेनकोट लेकर स्टैंड्स में बैठकर डांस कर रहा है। सभी मैच शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। देखें मैच से जुड़े PHOTOS…