मविआ में दरार, मुंबई नगर निगम चुनाव अकेले लड़ेगी कांग्रेस : रमेश चेन्निथला
- Admin Admin
- Dec 20, 2025
मुंबई, 20 दिसंबर (हि.स.)। मुंबई नगर निगम चुनाव को लेकर महाविकास आघाड़ी (मविआ) में दरार पड़ गई है । महाराष्ट्र कांग्रेस इंचार्ज रमेश चेन्निथला ने शनिवार को मुंबई में दोटुक कहा कि कांग्रेस पार्टी मुंबई नगर निगम का चुनाव अकेले अपने दम पर लड़ेगी। कांग्रेस पार्टी के इस ऐलान से मुंबई में मविआ के एक साथ चुनाव लडऩे की संभावना खत्म हो गई है।
रमेश चेन्निथला आज दादर में स्थित तिलक भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले चार साल से कोई चुनाव नहीं हुआ है। चुनाव उच्चतम न्यायालय की वजह से हो रहा है। इसके लिए हम उच्चतम न्यायालय को धन्यवाद देते हैं। उन्होंने कहा, इसीलिए कांग्रेस पार्टी ने अपने दम पर लडऩे का फैसला किया है, हम भाजपा के खिलाफ लड़ेंगे, हम ठाकरे की शिवसेना के खिलाफ भी लड़ेंगे। साथ ही, सच्चे देशभक्त और सेक्युलर लोगों को कांग्रेस के साथ आना चाहिए। हम इस म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन को अच्छे तरीके से चलाने का काम करेंगे। हम अपना मैनिफेस्टो आपके सामने पेश करेंगे।
चेन्निथला ने कहा, वर्षा गायकवाड़ और हमारे सभी सीनियर नेताओं की लीडरशिप में, हमने प्रदूषण, अस्पतालों की हालत और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन किए हैं। पिछले कुछ दिनों में म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में क्या हुआ और क्या नहीं हुआ, यह सब जानते हैं। आम आदमी अभी भी मुश्किलों का सामना कर रहा है। आम आदमी और गरीबों को किसी भी तरह की मदद नहीं मिल रही है। भ्रष्टाचार बहुत बढ़ गया है।
उल्लेखनीय है कि मुंबई नगर निगम चुनाव मविआ के सहयोगी दल एक साथ लड़ें, इसका प्रयास शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राऊत कर रहे थे। इस संबंध में संजय राऊत राकांपा एसपी के अध्यक्ष शरद पवार और कांग्रेस नेताओं से भी मिले थे। लेकिन आज रमेश चेन्निथला ने कांग्रेस पार्टी की भूमिका स्पष्ट कर दिया है। इससे मविआ के सहयोगी दलों की एकता को करारा झटका लगा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव



