जींद : कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया पार्टी का स्थापना दिवस
- Admin Admin
- Dec 28, 2025
जींद, 28 दिसंबर (हि.स.)। जिला कांग्रेस कार्यालय में रविवार को कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिला प्रधान रिषिपाल हैबतपुर ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी के ध्वज फहराने और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित स्वतंत्रता आंदोलन के महान नेताओं को स्मरण करते हुए की गई।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिला प्रधान रिषिपाल हैबतपुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की सबसे पुरानी और जन आधारित पार्टी है। जिसका इतिहास बलिदान, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने स्वतंत्रता आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई और हजारों नेताओं व कार्यकर्ताओं ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। आजादी के बाद भी कांग्रेस ने लोकतंत्र को मजबूत करनेए सामाजिक न्याय स्थापित करने और देश के विकास की नींव रखने का काम किया।
रिषिपाल हैबतपुर ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और वर्तमान नेतृत्व तक कांग्रेस ने हमेशा आम आदमी के हितों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायती राज, हरित क्रांति और सूचना क्रांति जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियां कांग्रेस शासन की देन हैं। मनरेगा, सूचना का अधिकार और खाद्य सुरक्षा जैसे कानूनों ने गरीब, किसान और मजदूर वर्ग को मजबूती प्रदान की। जिला प्रधान रिषिपाल हैबतपुर ने कार्यकर्ताओं से पार्टी नेतृत्व द्वारा शुरू किए गए मनरेगा बचाओ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा



