चंडीगढ़ BJP अध्यक्ष की भाषा पर कांग्रेस अध्यक्ष का हमला:वीडियो जारी कर बोले– दवाई लेना भूल जाते हैं क्या, परिवार सबंधी बयान निंदनीय
- Admin Admin
- Jan 18, 2026
चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष लकी ने भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा पर तीखा हमला बोला है। लकी ने एक वीडियो जारी कर भाजपा अध्यक्ष की भाषा और बयानों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि लगता है भाजपा अध्यक्ष कभी-कभी दवाई लेना भूल जाते हैं, तभी इस तरह की गलत और आपत्तिजनक शब्दावली का इस्तेमाल करने लगते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष लकी ने वीडियो में कहा कि वह भगवान श्रीराम से प्रार्थना करते हैं कि भाजपा अध्यक्ष को सद्बुद्धि दें, ताकि वे सार्वजनिक मंचों पर मर्यादित भाषा का प्रयोग करें। लकी बोले फिर भाषा की मर्यादा तोड़ी वीडियो में लकी ने कहा, “मेरे प्रिय जितेंद्र पाल मल्होत्रा, आपने एक बार फिर भाषा की मर्यादा को तार-तार किया है। आपने फिर रॉन्ग नंबर लगाया है। आपने सांसद मनीष तिवारी और कांग्रेस के बारे में काफी कुछ बोला और कांग्रेस को बेवजह जलील करने की कोशिश की।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा मुद्दों की राजनीति करती है, जबकि भाजपा बदले की राजनीति करती है। लकी ने कहा कि मनीमाजरा में 24 घंटे पानी का प्रोजेक्ट, प्रॉपर्टी टैक्स, बिजली के निजीकरण और मनीमाजरा की जमीन से जुड़े मुद्दे कांग्रेस ने ही उठाए थे। गलत शब्दों का इस्तेमाल न करें लकी ने भाजपा अध्यक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है, वह पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि 2024 में 10 साल बाद कांग्रेस ने चंडीगढ़ में सांसद बनाया और उस समय वह खुद कांग्रेस के अध्यक्ष थे। भाजपा की स्थिति से जनता भली-भांति वाकिफ है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस की चिंता मत करो, आप अपनी भाजपा संभालिए। चंडीगढ़ प्रशासन ने आपको एडवाइजरी काउंसिल की स्टैंडिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया है, इसलिए अपनी भाषा पर थोड़ा ध्यान रखें। आप पढ़े-लिखे इंसान हैं।” कांग्रेस अध्यक्ष लकी ने कहा कि जिस मंच से यह बयान दिया गया, वहां भाजपा के पूर्व अध्यक्ष संजय टंडन, अरुण सूद और पूर्व मेयर भी मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी गलत भाषा का इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सिर्फ भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने ही आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। परिवार को लेकर बयान बताया निंदनीय लकी ने कहा कि कुछ दिन पहले भाजपा अध्यक्ष ने मंच से उनके और उनके परिवार को लेकर भी गलत शब्दों का इस्तेमाल किया था, जो पूरी तरह निंदनीय है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राजनीति में विरोध हो सकता है, लेकिन व्यक्तिगत और अमर्यादित भाषा किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जा सकती।



