चंडीगढ़ बुड़ैल जेल की कमान प्रमोद खत्री के हाथों में:डिप्टी सुपरिटेंडेंट ग्रेड-1 बने,अमनदीप सिंह की रिटायरमेंट के बाद मिला जिम्मा

चंडीगढ़ बुड़ैल जेल की कमान अब प्रमोद खत्री के हाथों में होगी। लंबे समय तक जेल प्रशासन की जिम्मेदारी संभालने वाले अमनदीप सिंह की सेवानिवृत्ति के बाद यह पद रिक्त चल रहा था। प्रशासन की डिपार्टमेंटल प्रमोशन कमेटी की बैठक में प्रमोद खत्री को डिप्टी सुपरिटेंडेंट ग्रेड-2 से पदोन्नत कर डिप्टी सुपरिटेंडेंट ग्रेड-1 बनाया गया है। प्रमोद खत्री को जेल प्रशासन का अच्छा अनुभव माना जाता है। अब उन्हें बुड़ैल जेल की समग्र कमान सौंपी गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि उनसे जेल प्रशासन को और बेहतर और सुधार की दिशा में आगे ले जाने की उम्मीद है। अमनदीप सिंह के कार्यकाल में हुए कई सुधारात्मक कार्य इससे पहले बुड़ैल जेल की कमान अमनदीप सिंह के पास थी, जिन्होंने लंबे समय तक अपनी सेवाएं दीं। उनके कार्यकाल के दौरान जेल में कई कुख्यात गैंगस्टर भी बंद रहे, लेकिन इसके बावजूद जेल प्रशासन को संतुलित और अनुशासित बनाए रखा गया। अमनदीप सिंह के कार्यकाल में जेल में कई अच्छे और सुधार से जुड़े काम किए गए। कैदियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जेल में मिठाई बनाने का काम शुरू कराया गया, जिसकी बिक्री चंडीगढ़ सेक्टर-22 में की जा रही है। इसके अलावा कैदियों द्वारा लकड़ी का फर्नीचर तैयार करने जैसे कार्य भी शुरू हुए। इन सभी गतिविधियों की निगरानी अमनदीप सिंह द्वारा की जाती रही।