भाजपा पार्षद की जेठानी का पुलिस रिमांड एक दिन बढ़ा

आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाली पार्षद सुमन की जेठानी कोमल शर्मा का पुलिस रिमांड एक दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। सोहाना पुलिस ने रविवार को आउटसोर्स क्लर्क कोमल शर्मा को ड्यूटी से गैरहाजिर रहते सरकारी खजाने से सैलरी लेने का आरोप में गिरफ्तार किया था। कोमल पंजाब वॉटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन के सेक्टर-76 स्थित कैंप ऑफिस में कार्यरत हैं। बोर्ड के चेयरमैन सनी सिंह आहलूवालिया चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के सह-प्रभारी भी हैं। सुमन के आप छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद हुए इस घटनाक्रम को चंडीगढ़ मेयर चुनाव सो जोड़कर देखा जा रहा है। भाजपा इसे बदले की कार्रवाई बता रही है। सोहाना पुलिस के अनुसार मनीमाजरा में रहने वाली कोमल लंबे समय से ड्यूटी पर नहीं आ रही थीं, लेकिन उनकी अटेंडेंस लगातार रजिस्टर में दिख रही थी, जिसके आधार पर उन्हें सैलरी मिलती रही। यह मामला तब उजागर हुआ जब दिसंबर 2025 की अटेंडेंस रिपोर्ट समय पर हेड ऑफिस नहीं पहुंची और डिपार्टमेंटल जांच शुरू हुई। लैपटॉप रिकवर करना है मंगलवार को दो दिन का रिमांड खत्म होने के बाद कोमल शर्मा को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने आगे की जांच और दस्तावेजों की पड़ताल के लिए अतिरिक्त रिमांड मांगा, जिसे कोर्ट ने मंजूर कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि अटेंडेंस रिकॉर्ड और सैलरी अकाउंट्स की जांच जारी है, ताकि यह पता चल सके कि यह स्कैम कब से चल रहा था और इसमें और कौन शामिल था। लैपटॉप समेत कुछ चीजें रिकवर करनी हैं। इस पर पुलिस रिमांड एक दिन के लिए बढ़ा दिया गया है।