पंजाब सीएम भगवंत मान आज दिल्ली में:नीति आयोग की बैठक में करेंगे शिरकत, रुके फंड और राज्य से जुड़े मुद्दे उठाने की तैयारी

पंजाब के CM भगवंत मान आज दिल्ली पहुंच गए हैं। वह आज नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल मीटिंग में शामिल होंगे। इस दौरान पंजाब के अहम मुद्दे उठाने के साथ-साथ राज्य सरकार की उपलब्धियों को भी सामने रखेंगे। विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्रों में किए गए कार्यों को प्रमुखता से रखा जाएगा। पंजाब सरकार सरकारी और निजी क्षेत्र में उपलब्ध कराए गए रोजगार के आंकड़े भी बैठक में पेश करेगी। इसके अलावा कौशल विकास, औद्योगिक विकास के लिए अपनाई गई सरल प्रक्रियाओं, स्वास्थ्य क्षेत्र में आम आदमी क्लीनिकों की कार्यप्रणाली तथा शिक्षा क्षेत्र में किए गए सुधारों और उपलब्धियों का खाका भी मुख्यमंत्री बैठक में प्रस्तुत करेंगे। विशेष पैकेज की मांग उठा सकते है बैठक में पंजाब के रुके हुए केंद्रीय फंडों का मुद्दा भी उठा सकते हैं और राज्य के प्रमुख मसलों के समाधान के लिए केंद्र सरकार से सहयोग की मांग कर सकते हैं। इसके अलावा, वे औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए विशेष पैकेज की मांग भी रख सकते हैं। पंजाब सरकार सीमा क्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों पर भी चर्चा करेगी। सीमावर्ती राज्य होने के कारण नशे की समस्या से निपटने के लिए चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के परिणाम भी बैठक में साझा किए जा सकते हैं। इससे पहले नीति आयोग की पिछली गवर्निंग काउंसिल की बैठक 24 मई 2025 को आयोजित की गई थी।